• Last Update 06:13 am

Farmers Protest: सिंघु बॉर्डर पर किसानों से मिलने पहुंचे अरविंद केजरीवाल, भारत बंद को समर्थन देने का ऐलान किया
National

Farmers Protest: सिंघु बॉर्डर पर किसानों से मिलने पहुंचे अरविंद केजरीवाल, भारत बंद को समर्थन देने का ऐलान किया

नई दिल्ली। कृषि बिलों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों से मिलने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सिंघु बॉर्डर पहुंचे। केजरीवाल के साथ इस दौरान उनके कई कैबिनेट सहयोगी भी मौजूद थे। यहां कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों को केजरीवाल ने अपना समर्थन दिया। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने किसानों के बुलाए भारत बंद को समर्थन देने का ऐलान किया है। बता दें कि किसान चाहते हैं कि केंद्र सरकार तीनों कृषि कानून वापस ले।

किसानों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, हम किसानों की सभी मांगों का समर्थन करते हैं। किसानों के जो मुद्दे हैं, किसानों के जो संघर्ष हैं, वह बिल्कुल जायज है। शुरू से हमारी सरकार किसानों के संघर्ष में साथ रहें हैं। केजरीवाल ने कहा, केंद्र सरकार की पूरी प्लानिंग थी कि दिल्ली के अलग-अलग स्टेडियमों में किसानों को डाल दिया जाएगा, लेकिन हमने ऐसा नहीं होने दिया। दिल्ली के 9 स्टेडियमों को जेल बनाने की अनुमति हमने नहीं दी। मैं समझता हूं कि इससे आंदोलन को मदद मिली।

किसानों के बीच पहुंचे अरविंद केजरीवाल ने कहा, दिल्ली सरकार के हमारे मंत्री एमएलए किसानों की सेवा करने में लगे हुए हैं। मैं यहां मुख्यमंत्री के तौर पर नहीं आया, एक सेवादार के तौर पर आया हूं। किसानों की सेवा करने के लिए आया हूं। साफ सफाई पेयजल की व्यवस्था देखने आया हूं। हम यहां मोटर लगाकर अंदर तक पानी की पाइपलाइन ले जाएंगे।

केजरीवाल ने बताया कि वह लगातार किसानों के संपर्क में हैं। उनके विधायक पूरी रात यहीं रह रहे हैं। उम्मीद करता हूं कि किसानों की मांगों का जल्द से जल्द समाधान निकलेगा। किसानों ने जो 8 तारीख को भारत बंद का आह्वान किया है, आम आदमी पार्टी पूरी तरह से उसका समर्थन करती है। हमारे सारे कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे।

बता दें कि आंदोलन कर रहे किसानों के बीच पहुंचने वाले अरविंद केजरीवाल पहले मुख्यमंत्री हैं। इस मुलाकात के दौरान दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन भी मौजूद रहे। केजरीवाल से मुलाकात के दौरान किसानों का बड़ा हुजूम लग गया। कुछ किसानों ने प्रदर्शन स्थल पर पानी की उपलब्धता को लेकर अपनी समस्या भी मुख्यमंत्री के सामने रखी। मुख्यमंत्री ने इस समस्या को तुरंत ही हल करने की बात कही है।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments