
नई दिल्ली। कृषि बिलों के खिलाफ आंदोलन में शामिल हुए किसानों की मौत को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार से सवाल किया है। राहुल गांधी ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा कि कृषि कानूनों को हटाने के लिए हमारे किसान भाइयों को और कितनी आहुति देनी होगी? राहुल ने अपने इस ट्वीट के साथ एक अखबार की कटिंग भी शेयर की है। इस खबर में दावा किया गया है कि अब तक 11 किसान तन्ना सिंह, जनकराज, गजन सिंह, गुरजंट सिंह, लखबीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, मेवा सिंह, राममेहर, अजय कुमार, किताब सिंह और कृष्ण लाल गुप्ता की मौत हो चुकी है।
क्या कहा रणदीप सुरजेवाला ने?
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी कृषि आंदोलन का विरोध करते हुए कहा कि मोदी जी, लोकतंत्र में निरंकुशता का कोई स्थान नहीं है। आप और आपके मंत्रियों की नीति हर विरोधी को माओवादी और देशद्रोही घोषित करने की है। भीषण ठंड और बरसात में जायज मांगों के लिए धरने पर बैठे अन्नदाताओं से माफ़ी मांगिए और उनकी मांगें तत्काल पूरी करिए। सुरजेवाला ने ये भी कहा कि 'मोदी जी, किसानों को लच्छेदार भाषण नहीं जनहितैषी शासन और देशवासियों को सस्ता राशन चाहिए। समूचा देश आपके सब्ज़बाग़ रूपी “लॉलीपाप्स” से तंग आ चुका है।
युवराज सिंह नहीं मनाएंगे जन्मदिन
टीम इंडिया को दो बार वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले क्रिकेटर युवराज सिंह का आज जन्मदिन है, लेकिन इस बार उन्होंने किसानों के समर्थन में जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस बात की घोषणा करते हुए लिखा कि इस साल मैं अपना जन्मदिन मनाने के बजाए, हमारे किसानों और सरकार के बीच चल रही बातचीत में जल्द समाधान के लिए प्रार्थना कर रहा हूं। हमारे किसान हमारे राष्ट्र की जीवन रेखा हैं। मेरा मानना है कि ऐसी कोई समस्या नहीं है जिसे शांतिपूर्ण बातचीत से हल नहीं किया जा सकता है।
किसान आंदोलन का 17वां दिन
बता दें कि कृषि कानून रद्द करवाने की मांग पर अड़े किसानों के आंदोलन का आज 17वां दिन है। ऐलान के मुताबिक किसानों ने आज शनिवार को टोल प्लाजा फ्री किए। किसान आज दिल्ली-जयपुर और दिल्ली-आगरा हाईवे भी जाम करेंगे। उनका ये भी कहना है कि सरकार से बातचीत के दरवाजे खुले हैं, न्योता आया तो जरूर बात करेंगे। किसानों के आंदोलन के मद्देनजर पुलिस अलर्ट है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। किसानों के आंदोलनों को कई लोगों का समर्थन मिल रहा है।
Leave Comments