
नई दिल्ली। चीन के साथ तनातनी के बीच भारत और अमेरिका ने मंगलवार को ऐतिहासिक बेसिक एक्सचेंज एंड कोऑपरेशन एग्रीमेंट (BECA) समझौते पर हस्ताक्षर किए। BECA पैक्ट बेहद अहम है क्योंकि इससे भारत को अमेरिका से एडवांस सैटेलाइट इमेजरी, टोपोग्राफिकल और एयरोनॉटिकल डिजिटल डेटा का रियल टाइम एक्सेस मिल गया है। इसकी मदद से भारत अपनी मिसाइलों और आर्म्ड ड्रोन्स और मिलिट्री एयरक्राफ्ट की लंबी दूरी के नेविगेशन की सटीकता को बढ़ा सकेगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पैक्ट के साइन होने के बाद अपने बयान में कहा कि भारत और अमेरिका की दोस्ती लगातार मजबूत हुई है। 2+2 बैठक में भी दोनों देशों ने कई मसलों पर मंथन किया। कोरोना संकट के बाद की स्थिति, दुनिया की मौजूदा स्थिति, सुरक्षा के मसलों पर कई अहम मुद्दों पर विस्तार से बात की गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मुताबिक, दोनों देशों ने परमाणु सहयोग बढ़ाने को लेकर कदम बढ़ाए हैं, साथ ही भारतीय उपमहाद्वीप में सुरक्षा की स्थिति को लेकर विस्तार से बात की है।
अमेरिकी रक्षा मंत्री मार्क एस्पर ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में भारत और अमेरिका की दोस्ती ना सिर्फ एशिया बल्कि दुनिया के लिए काफी अहम है।अमेरिकी रक्षा मंत्री ने कहा, चीन की ओर से दुनिया के लिए खतरा बढ़ता जा रहा है, ऐसे में बड़े देशों को साथ आना होगा। मार्क एस्पर के मुताबिक, भारत-जापान और अमेरिका साथ में कई सैन्य ऑपरेशंस करेंगे, मालाबार एक्ससाइज़ भी की जाएगी। इसके अलावा दोनों देश डिफेंस इन्फॉर्मेशन शेयरिंग में नए मुकाम पर आगे बढ़ रहे हैं।
बता दें कि 2+2 मिनिस्ट्रियल डायलॉग के तीसरे एडिशन के लिए अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ और रक्षा सचिव मार्क टी एस्पर सोमवार को भारत पहुंचे। मंगलवार को दिल्ली के हैदराबाद हाउस में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने समकक्षों का स्वागत किया। जिसके बाद बैठक शुरू हुई। इस दौरान कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस बैठक में चौथी और फाइनल फाउंडेशनल मिलिट्री पैक्ट BECA पर साइन हुए।
BECA के साथ इन समझौतों पर भी हस्ताक्षर
1. बेसिक एक्सचेंज एंड कोऑपरेशन एग्रीमेंट (BECA)
2. एमओयू फॉर टेक्निकल कोऑपरेशन ऑन अर्थ साइंस
3. अरेंजमेंट एक्सटेंडिंग द अरेंजमेंट ऑन न्यूक्लियर कोऑपरेशन
4. एग्रीमेंट ऑन पोस्टल सर्विसेज
5. एग्रीमेंट ऑन कोऑपरेशन इन आयुर्वेद एंड कैंसर रिसर्च
Leave Comments