• Last Update 06:09 am

IPL 2020: चार साल में पहली बार चूके रबाडा, 25 मैचों में लगातार विकेट लेने का टूटा सिलसिला
Sports

IPL 2020: चार साल में पहली बार चूके रबाडा, 25 मैचों में लगातार विकेट लेने का टूटा सिलसिला

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन के 47वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 88 रन से हरा दिया। इस मैच में कई रिकॉर्ड भी बने। हालांकि पर्पल कैप होल्डर कगिसो रबाडा इस मुकाबले को याद नहीं रखना चाहेंगे, क्योंकि चार साल में यह पहला मौका था जब उन्हें आईपीएल के किसी मैच में विकेट नहीं मिला। 

मंगलवार को हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में रबाडा बेहद महंगे साबित हुए। उन्होंने चार ओवर में बिना किसी विकेट के 54 रन खर्च कर दिए। इसके साथ ही रबाडा का पिछले 25 मैचों में हर बार विकेट हासिल करने का सिलसिया भी टूट गया। इससे पहले 2 मई 2017 को हैदराबाद के खिलाफ ही रबाडा विकेट हासिल नहीं कर पाए थे। उस मैच में रबाडा ने चार ओवर में 59 रन खर्च किए थे।

रबाडा ने आईपीएल के 13वें सीजन के 12 मैचों में अब तक 23 विकेट लिए है। इसी के साथ रबाडा पर्पल कैप की रेस में दूसरे गेंदबाजों से कहीं आगे हैं। आईपीएल में भी रबाडा का रिकॉर्ड बेहद ही शानदार है और उन्होंने 30 मैचों 54 विकेट हासिल किए हैं। एक पारी में 21 रन देकर चार विकेट लेना रबाडा का आईपीएल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

बता दें कि डेविड वॉर्नर और रिद्धिमान साहा की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 88 रन से हरा दिया। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद ने अपने शीर्ष क्रम के दम पर दो विकेट पर 219 रन बनाए, जो इस सीजन का उसका अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। 

बर्थडे ब्वॉय कप्तान डेविड वार्नर ने 66 रनों की पारी खेली जबकि उनके साथ पारी की शुरुआत करने आए रिद्धिमान साहा ने 87 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम  19 ओवर में 131 रन पर ऑलआउट हो गई। 

दिल्ली के लिए एनरिच नोर्तजे और रविचंद्रन अश्विन ने 1-1 विकेट चटकाया। वहीं हैदराबाद के लिए राशिद खान ने 3 विकेट चटकाए। संदीप शर्मा और टी नटराजन को 2 विकेट मिले। शाहबाज़ नदीम, जेसन होल्डर और विजय शंकर ने 1-1 विकेट चटकाया।
 

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments