• Last Update 07:37 am

चुनाव में इस्तेमाल के लिए तो नहीं 33 लाख की यह अवैध शराब

चुनाव में इस्तेमाल के लिए तो नहीं 33 लाख की यह अवैध शराब

अशोकनगर, 29 अक्टूबर, (न्यूजमंच), मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले के चन्देरी में रविवार दोपहर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी, चन्देरी थाना पुलिस ने रविवार दोपहर पिछोर रोड पर एक ट्रक को पकड़ा। छिंदवाड़ा से ग्वालियर जा रहे इस ट्रक में अंग्रेजी शराब की पेटियां भरी हुई थीं। ट्रक से जप्त शराब की कीमत करीब 33 लाख रुपए बताई जा रही है। इस पूरे मामले में खास बात यह है कि चंदेरी पुलिस इस पूरे मामले को एक दिन तक दबाए रही, पुलिस द्वारा रविवार दोपहर की गई कार्रवाई का खुलासा सोमवार दोपहर को किया गया। पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक व क्नीनर को गिरफ्तार कर लिया है, दोनों युवकों पर आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण किया गया है। पुलिस को आशंका है कि शराब का इस्तेमाल विधानसभा चुनाव के लिए तो नहीं किया जाना था, पुलिस इस शंका के आधार पर भी मामले की जांच कर रही है।
चन्देरी पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध शराब से भरा हुआ ट्रक क्रमांक एमपी 06 एचसी 1961 मुंगावली से चन्देरी होते हुए बामौर कला की तरफ जा रहा है। पुलिस को जब तक सूचना मिली तब तक ट्रक चंदेरी से निकल चुका था। इस पर प्रशासन ने चंदेरी से 14 किमी दूर पहुंचकर हसारी में लगे एसएसटी टीम के चैक पोस्ट पर जानकारी दी। जहां पर टीम ने ट्रक को रुकवाकर जांच की तो ट्रक में एक ही कंपनी की मंहगी शराब की 550 पेटी भरी हुई थीं। जिन्हें जब्त कर लिया गया है। थाना प्रभारी दीपक यादव के मुताबिक ट्रक से 32.61 लाख रुपए कीमत की 4779 लीटर शराब जब्त हुई है। वहीं ट्रक में दो व्यक्ति बैठे हुए मिले, दोनों राजस्थान के धौलपुर जिले के हैं। पुलिस ने जब दोनों व्यक्तियों से इतनी बड़ी मात्रा में शराब का परिवहन करने का लाईसेंस मांगा तो उनके पास शराब से संबंधित कोई भी दस्तावेज नहीं थे। इस पर पुलिस ने धौलपुर राजस्थान के बरेह मोरी निवासी महेंद्रसिंह पुत्र रामबाबू ठाकुर और धौलपुर जिले के अंडवा पुरेनी पक्कापुरा निवासी अवधेश पुत्र जगदीश ब्राह्मण के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। 

ग्वालियर जा रहा था शराब का ट्रक

पुलिस के मुताबिक पहले तो ट्रक में मिले दोनों व्यक्तियों ने इससे इनकार किया, लेकिन बाद में उन्होंने बताया कि वह इस शराब को छिंदवाड़ा से भरकर लाए हैं और शराब को ग्वालियर ले जाया जा रहा था। खास बात यह है कि दोनों ही गिरफ्तार व्यक्तियों द्वारा अब इस शराब को ग्वालियर स्थित सरकारी गोडाउन में ले जाए जाने की बात कही है। लेकिन ट्रक में किसी तरह के दस्तावेज न मिलने से मामला संदिग्ध है। हालांकि पुलिस ने सरकारी गोडाउन में जाने के दस्तावेज मांगे हैं। इतनी बड़ी मात्रा में शराब जब्त होने से पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 


पहले भी पकड़ी जा चुकी 2.62 लाख की शराब

जिले में आचार संहिता लागू होने के बाद अब तक 35 लाख 23 हजार रुपए की अवैध शराब जब्त की जा चुकी है। इस बड़ी कार्रवाई के पहले 192 जगहों से 2.62 लाख रुपए की 2361 लीटर अवैध शराब पकड़ी गई और इस मामले में 193 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।  

संदिग्ध सीमाएं: यूपी के दो सडक़ मार्ग, चार जिलों की सीमाएं भी-

जिले में जिस जगह पर यह कार्रवाई हुई है, उससे कुछ दूरी पर ही उप्र की अंतर्राज्जीय सीमा है। जहां से अब तक अवैध डीजल पकड़े जाने की कार्रवाई हो चुकी हैं। वहीं इतनी बड़ी मात्रा में शराब  पकड़े जाने से अंतर्राज्जीय और जिलों की सीमाओं पर भी चौकसी बढ़ाने की जरूरत नजर आने लगी हैं। चंदेरी के अलावा मुंगावली क्षेत्र के जंगली क्षेत्र होते हुए नईगढ़ी गांव में बेतवा नदी पर पुल बनने से उप्र के राजघाट जाने का रास्ता है। वहीं कंजिया पुल से ही सागर जिले की सीमा शुरू हो जाती है। वहीं विदिशा, गुना और शिवपुरी जिले की सीमाएं भी इस तरह की प्रतिबंधित सामग्री के परिवहन के लिए संदिग्ध रास्ते हैं। इसके अलावा उप्र से जहां बेतवा नदी को नाव से पार करके भी जिले की सीमा में लोगों की आवाजाही जारी रहती है। इससे नदी पार करके ही शराब या अन्य प्रतिबंधित सामग्री जिले में आने की आशंका बनी रहती है। 

जिले में आचार संहिता लगने के बाद यह भी हुईं कार्रवाई

मामले            कार्रवाई

आम्र्स एक्ट        30

शस्त्र जमा            3590

अवैध शराब         7140 लीटर        

बाउंड ऑवर        2057

आचार संहिता उल्लंघन        7

(आंकड़े पुलिस विभाग अनुसार)

वर्जन

आचार संहिता को देखते हुए वाहनों की जांच कराई जा रही है। चंदेरी थाना क्षेत्र में शराब से भरा ट्रक जब्त किया गया है, इस ट्रक में 32.61 लाख रुपए कीमत की 4779 लीटर शराब जब्त हुई है। मामले की जांच करवाई जा रही है कि यह शराब किसके द्वारा ले जाई जा रही थी। 

सुनीलकुमार जैन, एसपी अशोकनगर

  • Tags

You can share this post!

Leave Comments