• Last Update 06:11 am

US Election 2020: कौन बनेगा अमेरिका का राष्ट्रपति, डोनाल्ड ट्रंप या जो बाइडेन? भारतीय समयानुसार शाम 4.30 बजे से वोटिंग
International

US Election 2020: कौन बनेगा अमेरिका का राष्ट्रपति, डोनाल्ड ट्रंप या जो बाइडेन? भारतीय समयानुसार शाम 4.30 बजे से वोटिंग

वॉशिंगटन। अमेरिका में राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए आज वोटिंग होगी। अमेरिकी समयानुसार, सुबह 6 बजे (भारतीय समयानुसार शाम करीब 4.30 बजे) से वोटिंग की प्रक्रिया शुरू होगी और रात नौ बजे तक चलेगी। जो भी लोग अपने पोलिंग बूथ पर जाकर वोट डालना चाहते हैं, वो यहां पहुंचकर अपना वोट डाल सकते हैं। रात नौ बजे के बाद कोई भी अपना वोट नहीं डाल पाएगा और इस वक्त के बाद किसी और तरीके से वोट नहीं डाला जा सकता है। 

पूरी दुनिया की इस बात पर नजर है कि क्या  ट्रंप दोबारा सत्ता में वापसी करेंगे या फिर जो बाइ़डेन सत्ता पर काबिज होंगे। अगर ऐसा हुआ तो 1992 के बाद पहली बार होगा जब कोई राष्ट्रपति दोबारा नहीं चुना जाएगा। 1992 में बिल क्लिंटन ने तत्‍कालीन राष्‍ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश को हराया था।

भारत से अलग है अमेरिकी चुनाव की प्रक्रिया
अमेरिका की चुनाव प्रक्रिया भारत से काफी अलग है।  यहां दो-पार्टी सिस्टम है और राष्ट्रपति इन्हीं दो पार्टियों में से एक का होता है। रिपब्लिकन कन्जर्वेटिव पार्टी है और इस साल भी उसके उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप हैं। इसे ग्रैंड ओल्ड पार्टी भी कहते हैं। वहीं, डेमोक्रैट लिबरल पार्टी है और उसके उम्मीदवार जो बाइ़डेन हैं। अमेरिका में जिस उम्मीदवार को ज्यादा वोट मिलते हैं, उसकी जीत हो, यह तय नहीं होता। 

दरअसल, भारत की तरह अमेरिका में जनता सीधे राष्ट्रपति के लिए मतदान नहीं करती। जनता के वोट स्थानीय इलेक्टर चुनते हैं, जो की राष्ट्रपति उम्मीदवार का प्रतिनिधि होता है। इलेक्टर्स के समूह को इलेक्टोरल कॉलेज कहते हैं। इसमें अलग-अलग राज्य से 538 इलेक्टर्स शामिल होते हैं। मतदान के बाद इलेक्टर्स के वोट राष्ट्रपति का चुनाव करते हैं। राष्ट्रपति बनने के लिए  270 से अधिक वोटों के बहुमत का आंकड़ा उम्मीदवार के पक्ष में होना चाहिए। इस साल हाउस की 435 सीटों और सीनेट की 33 सीटों पर उम्मीदवार किस्मत आजमाएंगे।

चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद राष्ट्रपति को कैबिनेट के चुनाव के लिए कुछ समय दिया जाता है। इसके बाद जनवरी में शपथ ग्रहण होता है। इसके बाद अमेरिका का राष्ट्रपति एक परेड में व्हाइट हाउस पहुंचते हैं और अपने चार साल कार्यकाल शुरू करते हैं।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments