• Last Update 06:53 am

UP: बुलंदशहर जिले में जहरीली शराब पीने से 5 लोगों की मौत, दोषियों पर लगेगा NSA
State

UP: बुलंदशहर जिले में जहरीली शराब पीने से 5 लोगों की मौत, दोषियों पर लगेगा NSA

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में जहरीली शराब पीने से 5 लोगों की मौत हो गई। इस मामले में थाना पुलिस की लापरवाही मानते हुए थाना प्रभारी दिक्षित कुमार त्यागी, हलका इंचार्ज और चौकी प्रभारी प्रभारी अनोखे पूरी को निलंबित किया गया है। साथ ही मामले में तीन लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोषियों पर रासुका के तहत कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बुलंदशहर जिले के सिकंदरबाद के जीतगढ़ी में प्रिंस इंडिया ब्रांड की शराब पीने से 5 लोगों की मौत हो गई। जबकी कई लोग बीमार पड़ गए।पहले गांव के लोगों ने इस बात को छिपाने की कोशिश की लेकिन बाद में पूछताछ की गई तो मामले का पता चला। पूरे इलाके में जितने भी लोग किसी भी कारण से बीमार थे, सबको अस्पताल भेजा गया। शराब की सैंपलिंग की जा रही है। गांव के कुलदीप नामक व्यक्ति ने शराब पिलाई थी। उसकी तलाश की जा रही है। करीब 3 से चार लोगों की हालत गंभीर है। 

स्थानीय लोगों के अनुसार जिले के गांव जीतगड़ी निवासियों ने दो दिन पहले एक ग्रामीण से शराब खरीदी थी। रात को शराब पीने के बाद यह सभी अपने अपने घर जाकर सो गए। बताया जा रहा है कि आधी रात के बाद इन सबकी हालत बिगड़ने लगी। इनमें से सतीश, कलुआ, रंजीत तथा सुखवाल ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया जबकि बाकी का इलाज चल है। पुलिस और प्रशासनिक टीम गांव पहुंच गई और परिवार से पूरी घटना की जानकारी ली।

इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि दोषियों पर रासुका के तहत कार्रवाई होगी। वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाकर हर पीड़ित को बेहतर इलाज देने का निर्देश भी दिया। दोषी डिस्टीलरी के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments