
पटना। कोरोना काल में हो रहे बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर इस बार युद्ध स्तर से तैयारियां की जा रही हैं। जाहिर है इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेवारी भी बहुत बढ़ गई है। वहीं चुनाव में लगे साढ़े 7 लाख मतदानकर्मियो को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन ने पुख्ता तैयारी की है। पटना के ज्ञान भवन में मतदान कर्मियों के लिए पैकेज तैयार किये जा रहे हैं। पैकेट में 6 मास्क, एक सेनेटाइजर, फेस शील्ड, और ग्लव्स रखे गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार पहले चरण के मतदान के लिए अबतक पटना में 52 हजार पैकेट तैयार कर लिए गए हैं। तैयार किए होने वाले पैकेटों की पटना डीएम लगातार मानीटरिंग कर रहे है।
पहले चरण के लिए 28 अक्टूबर को होगा मतदान
तीनों चरणों में 7.69 लाख मतदान कर्मियों के लिए कोरोना से बचाव के लिए सुरक्षात्मक सामग्रियों की पैकेजिंग की जा रही है। पहले चरण में 2 लाख 25 हजार 941 निर्वाचनकर्मियों के लिए पैकेजिंग करायी जा रही है। पहले चरण के लिए राज्य के 16 जिलों की 71 सीटों पर मतदान होना है। इन सीटों पर मतदान के लिए 31 हजार 380 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने दूसरे और तीसरे चरण के चुनाव को लेकर 15 अक्टूबर तक पैकेजिंग पूरी करने का लक्ष्य रखा है। स्वास्थ्य विभाग ने पैकेजिंग की जिम्मेवारी बीएमएसआइसीएल को सौंपी है, जिसके माध्यम से पूरे राज्य में निर्वाचनकर्मियों एवं सुरक्षाबलों को कोरोना से बचाव को लेकर सुरक्षा सामग्री की पैकेजिंग करानी है।
प्रत्येक मतदानकर्मी को दिया जाएगा एक-एक सुरक्षा पैकेट
मतदान में भाग लेनेवाले प्रत्येक मतदानकर्मी के लिए कोरोना से बचाव को लेकर सामग्री का एक-एक पैकेट तैयार किया जाएगा। पैकेजिंग के लिए 3 प्रमंडलों को चिन्हित किया गया है, जिसमें पटना में सोमवार से पैकेजिंग का काम शुरू भी हो गया है। तीन प्रमंडलों- पटना, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया में पैकेजिंग हो रही है। सोमवार से युद्धस्तर पर पटना के ज्ञान भवन में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों व कर्मियों की मौजूदगी में पैकेजिंग शुरू कर दी गई है।
मतदान केंद्रों पर तैयार की जा रही है वोटरों के लिए सुरक्षा सामग्री
मतदान कर्मियों को दिए जाने वाले पैकेटों में कोरोना से बचाव के लिए जरूरी सभी चीजें रखी गई हैं। प्रत्येक पैकेट में एक हैंड सेनेटाइजर, यूनिट थ्री प्लाइ मास्क-6, यूनिट फेस शील्ड-1, यूनिट हैंड गल्ब्स - 2 जोड़ी रखा जाएगा। मतदानकर्मियों के अलावा सेंट्रल पैरा मिलिट्री फोर्स के जवानों को भी एक पैकेट बचाव सामग्री दी जाएगी। इस दौरान मतदाताओं की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान रखा गया है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं के लिए अलग से सुरक्षा सामग्री की पैकेजिंग की जा रही है। ताकि मतदान के दौरान वे किसी तरह के संक्रमण का शिकार नहीं हों।
Leave Comments