
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। पहली बार ऐसा हुआ कि चेन्नई की टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी। टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का प्रदर्शन भी इस सीजन में अच्छा नहीं रहा जिसकी वजह से वह आलोचकों के निशाने पर आ गए हैं। एसे में 2021 की नीलामी से पहले पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने सीएसके को धोनी को रिलीज कर देने की सलाह दी है।
आकाश चोपड़ा ने कहा, सीएसके को धोनी को रिटेन नहीं किया जाना चाहिए। अगर चेन्नई सुपर किंग्स धोनी को अगले सीजन के लिए रिटेन करती है तो उसे 15 करोड़ रुपये की कीमत चुकानी होगी। चोपड़ा ने कहा, मुझे लगता है कि अगर बड़ी नीलामी होती है तो चेन्नई को धोनी को रिलीज कर देना चाहिए। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि आप धोनी की टीम में ना रखें। वह अगला आईपीएल खेलेंगे और अगर आप उन्हें रिटेन करते हैं, तो आपको 15 करोड़ रुपये अदा करने होंगे। आकाश चोपड़ा ने कहा, अगर धोनी रुकते हैं और वह महज 2021 आईपीएल खेलते हैं, तो आपको 15 करोड़ रुपये 2022 सीजन में वापस मिलेंगे, लेकिन तब आप उस पैसे का क्या करेंगे? बड़ी नीलामी का यही फायदा है। चेन्नई राइट टू मैच कार्ड के जरिए उन्हें वापस टीम में ला सकते है।
बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स का टीम मैनेजमेंट कह चुका है कि उन्हें साल 2021 में धोनी के खेलते रहने की उम्मीद है। महेंद्र सिंह धोनी ने 13वें सीजन की शुरुआत से पहले इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा था। धोनी के इस फैसले के बाद कयास लगाए जाने लगे कि वह जल्द ही आईपीएल से भी संन्यास ले लेंगे। महेंद्र सिंह धोनी की गिनती आईपीएल के दूसरे सबसे सफल कप्तान के तौर पर होती है। धोनी की अगुवाई में चेन्नई सुपर किंग्स तीन बार आईपीएल का खिताब अपने नाम करने में कामयाब रही है।
Leave Comments