
दुबई। आईपीएल के 49वें मैच में रविंद्र जडेजा की आतिशी पारी और ऋतुराज गायकवाड़ के अर्धशतक की बदौलत चेन्नई सुपरकिंग्स ने कोलकाता नाइटराइडर्स को 6 विकेट से हरा दिया। इस हार के बाद कोलकाता की प्लेऑफ में पहुंचने की राह मुश्किल हो गई है। कोलकाता को अब अपना अगला मैच जीतने के साथ बाकी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। चेन्नई की इस जीत के बाद मुंबई ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया है। मुंबई के 12 मैच में 16 अंक है। वहीं कोलकाता के 13 मैच में 12 और चेन्नई के इतने ही मैचों में 10 अंक है।
दुबई के इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए इस मैच में चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने नीतीश राणा (87 रन, 61 गेंद, 10 चौके 4 चौके) की बेहतरीन पारी के बूते 20 ओवरों में पांच विकेट खोकर 172 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया, लेकिन चेन्नई ने ऋतुराज (72 रन, 53 गेंद, 6 चौके, 2 छक्के) की शानदार पारी और अंत में जडेजा (नाबाद 31 रन, 11 गेंद 2 चौके, 3 छक्के) के दम पर यह लक्ष्य आखिरी गेंद पर हासिल कर मैच अपने नाम किया।
173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की शुरुआत धीमी रही। शेन वॉटसन और ऋतुराज गायकवाड़ ने पावर-प्ले में अपने विकेट नहीं गंवाए और टीम के स्कोर को 44 रन तक पहुंचाया। शेन वॉटसन (14) ने गायकवाड़ के साथ पहले विकेट के लिए 50 रन की पार्टनरशिप की। शेन वाटसन को आठवें ओवर की तीसरी गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने पवेलियन भेजा। इसके बाद रायडू और ऋतुराज ने टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया। इस दौरान ऋतुराज ने लगातार अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया। 13 ओवरों में चेन्नई का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 109 रन था। यहां से उसे 42 गेंदों पर 64 रन की जरूरत थी।
ऐसा लग रहा था कि चेन्नई आसानी से इस मैच को जीत जाएगा लेकिन पहले अंबाती रायडू (38) और फिर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (1) के विकेट ने मैच को रोमांचक बना दिया। अब सब कुछ ऋतुराज के ऊपर निर्भर था, लेकिन दबाव में यह युवा बल्लेबाज कमिंस की गेंद पर स्कूप मारने के प्रयास में क्लीन बोल्ड हो गए। आखिरी दो ओवरों में चेन्नई को जीतने के लिए 30 रन चाहिए थे। जडेजा की मदद से चेन्नई ने 19वें ओवर में 20 रन बनाए और अब आखिरी ओवर में चेन्नई को 10 रनों की जरूरत थी। जडेजा ने आखिरी दो गेंदों पर छक्के मार टीम को मैच जिता दिया।
इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता के ओपनर शुभमन गिल और नीतीश राणा ने पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़ टीम को मजबूत शुरुआत दी। लेग स्पिनर कर्ण शर्मा ने गिल को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। सुनील नरेन (7) और रिंकू सिंह (11) जल्दी पवेलियन लौट लिए। राणा दूसरे छोर से अपना खेल खेलते रहे। वह अपने शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन अंत के ओवरों में तेजी से रन बनाने की कोशिश में वह लुंगी नगिदी की गेंद पर सैम कुरैन के हाथों लपके गए। कप्तान इयोन मोर्गन ने 15 और दिनेश कार्तिक ने 10 गेंदों पर नाबाद 21 रन बनाए। उनके साथ राहुल त्रिपाठी तीन रन बनाकर नाबाद रहे।
Leave Comments