• Last Update 06:53 am

IPL-13 : किंग्स इलेवन पंजाब और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच मुकाबला, शारजाह में खेला जाएगा मैच
Sports

IPL-13 : किंग्स इलेवन पंजाब और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच मुकाबला, शारजाह में खेला जाएगा मैच

नई दिल्ली। आईपीएल-13 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर का सामना किंग्स इलेवन पंजाब से शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में होगा। पंजाब के लिए इस सीजन में लोकेश राहुल और मयंक अग्रवाल के बल्ले को छोड़कर कुछ भी सही नहीं चल रहा है। बाकी कोई और बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पा रहा है। अभी तक बेंच पर बैठे क्रिस गेल इस मैच में खेल सकते हैं।

कोच अनिल कुंबले ने कहा था कि गेल पिछले मैच में खेलने वाले थे लेकिन तबीयत ठीक न होने के कारण वह खेल नहीं पाए। अब गेल अस्पताल से भी वापस लौट आए हैं। उम्मीद है कि वह इस सीजन अपना पहला मैच खेलेंगे। गेल के आने से टीम को मजबूती मिलेगी। अब देखना होगा कि उनके साथ पारी की शुरुआत कौन करता है, राहुल या मयंक। संभवत: मयंक को गेल के साथ देखा जा सकता है। राहुल भारतीय टीम के लिए पांच नंबर पर खेल चुके हैं और पंजाब के पास इस नंबर पर कोई बल्लेबाज भी नहीं है जो तेजी से रन बना सके। राहुल यह कर सकते हैं इसलिए राहुल को इस मैच में मध्य क्रम की जिम्मेदारी दी जा सकती है।

युवा बल्लेबाजों ने निराश किया है। चाहे वो प्रभसिमरन सिंह हो या मनदीप सिंह। यह भी हो सकता है कि टीम बदलाव करे और करुण नायर को फिर मौका दे। गेंदबाजी में तो टीम में बदलाव की संभावना कम ही है। मोहम्मद शमी और रवि बिश्नोई टीम की अहम कड़ी है। बेंगलोर के खिलाफ पिछले मैच में पंजाब ने दो लेग स्पिनरों की रणनीती अपनाई थी जो असरदार साबित हुई थी और विराट कोहली-अब्राहम डिविलियर्स दोनों सस्ते में पवेलियन लौट गए थे।
इस मैच में कोच अनिल कुंबले अगर यही रणनीति अपनाते हैं तो मुजीब उर रहमान की जगह मुरुगन अश्विन को देखा जा सकता है।

लेकिन पंजाब को सतर्क रहने की जरूरत है जिसका कारण बेंगलोर का इन फॉर्म बल्लेबाजी आक्रमण। सलामी बल्लेबाज देवदत्त पडिकल फॉर्म में हैं और एरॉन फिंच भी। कोहली का बल्ला भी चल रहा है। डिविलियर्स ने पिछले मैच में जिस विकेट पर जिस तरह की बल्लेबाजी की थी वो पंजाब के लिए बड़ी खतरे की घंटी है।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments