
प्रयागराज। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद रीता बहुगुणा जोशी की पोती ने दीवाली पर पटाखे फोड़ने के दौरान झुलसने के बाद दम तोड़ दिया। खबरों के मुताबिक, छह साल की बच्ची ने मंगलवार सुबह अपनी आखिरी सांस ली। रिपोर्टों में कहा गया है कि यह घटना जोशी के प्रयागराज स्थित आवास में हुई थी। शुरुआत में उसे शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे दिल्ली के एम्स में रेफर कर दिया गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दीपावली की रात बच्ची छत पर खेलने के लिए गयी थी। उसी समय किसी के छोड़े पटाखे से उसके कपड़ों में आग लग गई। 6 साल की मासूम किया ने दिवाली की रात फैंसी ड्रेस पहन रखी थी। रिपोर्ट के मुताबिक कपड़ों में आग लगने के बाद किया शोर मचाने लगी, लेकिन घरवालों ने सोचा कि शायद बच्चे आपस में खेल रहे हैं, इसलिए उन्होंने ध्यान नहीं दिया और न हीं कोई उसे देखने गया। काफी देर बाद जब कोई छत पर गया तो बच्ची को काफी झुलसी हुई हालत में पाया। बच्ची को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। लेकिन तब तक वो काफी झुलस चुकी थी।
बता दें कि रीता बहुगुणा जोशी प्रयागराज से लोकसभा सांसद हैं। जोशी ने पांच साल (2007 से 2012) के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया था। उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम हेमवती नंदन बहुगुणा की बेटी रीता बहुगुणा जोशी 2016 में भाजपा में शामिल हुई थी।
Leave Comments