
मुंबई। दिवाली बलिप्रतिपदा के अवसर पर आज शेयर बाजार बंद है। इससे पहले 14 नवंबर को दिवाली के दिन मुहूर्त ट्रेडिंग में बाजार की रिकॉर्ड क्लोजिंग हुई थी। शेयर बाजार ने संवत 2077 के लिए बेहतर संकेत दिए थे। निफ्टी 51 अंक बढ़कर 12771 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं सेंसेक्स में 185 अंकों की तेजी रही और यह 43,637.98 के स्तर पर बंद हुआ। शेयर बाजार में मंगलवार से फिर नॉर्मल कारोबार शुरू होगा। वहीं मेटल और बुलियन समेत होलसेल कमोडिटी मार्केट मॉर्निंग सेशन में बंद हैं। फॉरेक्स और कमोडिटी फ्यूचर्स मार्केट में भी कारोबार नहीं होगा। शाम को 5 बजे से लेकर 11.30 बजे तक इवनिंग सेशन में कमोडिटी मार्केट में कारोबार होगा।
घरेलू शेयर बाजार इस सप्ताह भी विदेशी संकेतों से ही चाल पकड़ेगा। हालांकि सप्ताह के दौरान जारी होने वाले प्रमुख आर्थिक आंकड़ों से भी बाजार को दिशा मिलेगी। बाजार के जानकार बताते हैं कि बाजार की नजर विदेशी निवेशकों के भारत में निवेश के प्रति रुझान पर भी होगी क्योंकि इस महीने में एफपीआई इन्फ्लो में जोरदार इजाफा हुआ है, जिससे घरेलू बाजार को सपोर्ट मिला है। जानकारों के मुताबिक, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की ताकत का सूचक डॉलर इंडेक्स में कमजोरी से विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी भारत जैसी उभरती अर्थव्यवस्था के प्रति बनी हुई है।
सप्ताह के दौरान विदेशों में जारी होने वाले प्रमुख आर्थिक आंकड़ों पर भी निवेशकों की निगाहें होंगी। चीन में सोमवार को औद्योगिक उत्पादन के अक्टूबर के आंकड़े जारी होंगे। वहीं, जापान में भी इसी दिन सितंबर महीने के औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े जारी होंगे। बता दें कि भारतीय शेयर बाजार बीते दो सप्ताह से गुलजार रहा है। बीएसई के 30 शेयरों पर आधारित प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स इस महीने नवंबर के पहले पखवाड़े में 4,000 अंकों से ज्यादा उछला है। वहीं, एनएसई के 50 शेयरों पर आधारित प्रमुख संवेदी सूचकांक निफ्टी में बीते दो सप्ताह के दौरान 1,100 अंकों से ज्यादा की तेजी आई है।
Leave Comments