
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गैस त्रासदी की 36वीं बरसी के मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया है कि इस हादसे में मारे गए लोगों की विधवाओं को मिलने वाली पेंशन फिर शुरु की जाएगी और एक स्मारक भी बनाया जाएगा ताकि लोग इस हादसे से सबक लें।
राजधानी की सेन्ट्रल लायब्रेरी में आयोजित प्रार्थना सभा में 2-3 दिसंबर 1984 की दरम्यानी रात को यूनियन कार्बाइड गैस संयंत्र से जहरीली गैस का रिसाव होने से मारे गए हजारों लोगों को श्रृद्धांजलि दी गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गैस हादसे में मारे गए लोगों की विधवाओं को मिलने वाली एक हजार रुपये की पेंशन वर्ष 2019 से बंद है, इसे फिर शुरु किया जाएगा।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भोपाल में इस हादसे की याद में स्मारक बनाया जाएगा ताकि लोगों को सबक मिले। नागासाकी और हिरोशिमा में हुए हादसे के बाद वहां स्मारक बनाया गया था, यह हमें सीख देता है कि अब और परमाणु हमला न हो। भोपाल हादसा भी लोगों को सीख दे, इसके लिए यहां स्मारक बनाया जाएगा।
Leave Comments