
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ अहम बैठक जारी है। इस बैठक में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पृथ्वीराज चव्हाण, पी चिदंबरम, भूपिंदर सिंह हुड्डा, अंबिका सोनी, मनीष तिवारी, गुलाम नबी आज़ाद, आनंद शर्मा, कमलनाथ आदि शामिल हुए हैं। इस बैठक उन नेताओं को भी बुलाया गया है, जिन्होंने पार्टी में सक्रिय अध्यक्ष नियुक्त करने के लिए पत्र लिखा था। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व पार्टी प्रमुख राहुल गांधी के अलावा दिग्गज नेता अजय माकन भी बैठक के लिए 10, जनपथ पहुंचे हैं।
बता दें कि ये बैठक आगामी चुनावों के लिए भी की जा रही है। बिहार विधानसभा चुनाव, हैदराबाद नगर निकाय, गोवा, केरल और राजस्थान के निकाय चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन काफी निराशजनक रहा है। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। कांग्रेस इन पांचों प्रदेशों में अपनी साख बचाना चाहती है। बहरहाल, बताया जा रहा है कि कांग्रेस के अंदरूनी कलह पर लगाम लगाने और पार्टी के नए अध्यक्ष के चुनाव की चुनौतियों का रास्ता निकालने के लिए सोनिया गांधी ने सीनियर नेताओं की यह बैठक बुलाई है।
23 वरिष्ठ नेताओं द्वारा सक्रिय अध्यक्ष की मांग के लिए सोनिया गांधी को पत्र लिखे जाने के बाद कांग्रेस की यह पहली बैठक है। शुक्रवार को कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा था कि कोविड-19 प्रोटोकॉल के कारण सोनिया गांधी काफी समय से व्यक्तिगत तौर पर रुबरू होकर मिलने में असमर्थ थीं। सुरजेवाला ने कहा था, अब उन्होंने फैसला किया है कि कल से वह विभिन्न संगठनात्मक मुद्दों को लेकर मिलना शुरू करेंगी। इसलिए यह नेताओं के किसी विशेष समूह या असंतुष्टों या विद्रोहियों के साथ उनकी बैठक नहीं है बल्कि हम हर नेता और कार्यकर्ता को हमारे परिवार का हिस्सा मानते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि पार्टी ने पार्टी के कुछ वरिष्ठ सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों को संबोधित किया है। उन्होंने कहा, प्रक्रिया चल रही है, अगले चुनाव की घोषणा के साथ सभी मुद्दे हल हो जाएंगे। पार्टी के अंदर किसी भी तरह के असंतोष को लेकर कोई आंतरिक मुद्दे नहीं हैं। सुरजेवाला ने कहा, भाजपा कभी-कभी ऐसे प्रचार करती रहती है। लेकिन हम एक परिवार हैं और हम एक साथ काम करेंगे और हम पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।
Leave Comments