• Last Update 06:10 am

JNU की पूर्व छात्रा शेहला राशिद के पिता ने DGP को लिखी चिट्ठी, बेटी को बताया एंटी नेशनल
National

JNU की पूर्व छात्रा शेहला राशिद के पिता ने DGP को लिखी चिट्ठी, बेटी को बताया एंटी नेशनल

श्रीनगर। जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) की पूर्व छात्र नेता शेहला रशीद के पिता अब्दुल राशिद शोरा ने अपनी बेटी को एंटी नेशनल बताया है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के डीजीपी को 3 पन्नों का पत्र अंग्रेजी में लिखा है जिसमें ये गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अब्दुल राशिद ने पत्र में अपनी बेटी से जान का खतरा भी बताया है। वहीं शेहला ने उनके पिता के आरोपों को आधारहीन और घृणित बताया है। शेहला ने ट्विटर पर एक बयान जारी करते हुए कहा कि परिवार में ऐसा नहीं होता, जैसा मेरे पिता ने किया है। उन्होंने मेरे साथ-साथ मेरी मां और बहन पर भी बेबुनियाद आरोप लगाए हैं। शेहला ने कहा कि उनके पिता उनकी मां की पिटाई करते हैं। हमने उनके खिलाफ कार्रवाई करने का फैसला किया है और यह स्टंट उसी की प्रतिक्रिया है।

डीजीपी को लिखे पत्र में अब्दुल रशीद शोरा ने दावा किया कि शेहला ने कश्मीर केंद्रित राजनीति में शामिल होने के लिए ‘कुख्यात लोगों’ से 3 करोड़ रुपए नकद लिए हैं। उन्होंने बताया कि 2 महीने पहले ही टेरर फंडिंग केस में गिरफ्तार किए गए जहूर वटाली (एनआईए द्वारा गिरफ्तार) और पूर्व विधायक रशीद इंजीनियर के बीच 2017 में वटाली के घर पर बैठक हुई थी। इस दौरान शेहला सोशियोलॉजी से अपनी पीएचडी के लास्ट सेमेस्टर में थी। इसी दौरान इन्होंने जेकेपीएम (जम्मू-कश्मीर पीपुल्स मूवमेंट) पार्टी के लॉन्च का खुलासा किया था। इन्होंने अपने इस खेल में मुझसे शेहला को मिलाने का आग्रह किया। उस वक्त शाह फैसल यूएसए में थे। इन लोगों ने इस मीटिंग के दौरान मुझे शेहला को पार्टी ज्वॉइन कराने के लिए 3 करोड़ रुपए ऑफर किए थे।

शोरा ने कहा- मुझे लगा कि ये पैसा अवैध चैनलों के माध्यम से आ रहा है और गैरकानूनी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। मैंने पैसे नहीं लिए और अपनी बेटी शेहला को इन लोगों के साथ किसी भी तरह के लेनदेन में लिप्त नहीं होने के लिए कहा। लेकिन मेरे विरोध के बावजूद मैंने अपनी पत्नी जुबैदा शोरा और बड़ी बेटी अस्मा राशिद को शेहला का समर्थन करते हुए पाया। इसमें सकीब अहमद नाम का एक और शख्स शामिल है, जो खुद को शेहला का पर्सनल सिक्युरिटी गार्ड बताता है। करीब एक हफ्ते के बाद जब शेहला दिल्ली से श्रीनगर आई तो उसने मुझसे कहा कि उसे दिल्ली में नकद पैसे मिल गए हैं और वो इस लेनदेन के बारे में किसी को कुछ भी न बताएं। 

इसके साथ ही शेहला ने कहा कि राशिद इंजीनियर और जहूर वटाली के साथ हमारी मीटिंग के बारे में भी किसी से चर्चा न करें, वरना जान को खतरा हो सकता है। शेहला ने मुझसे कहा कि मैंने रकम स्वीकार कर ली है और भविष्य में और पैसा आने वाला है, इसलिए हमें अपना मुंह बंद रखने की जरूरत है। बेटी का पिता होने के नाते मुझे भी उसकी चिंता हुई और मैंने उसके इस फैसले पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि इन कुख्यात लोगों के माध्यम से आने वाले इस पैसे का इस्तेमाल गैरकानूनी गतिविधियों में होगा। अब्दुल शोरा ने आगे कहा- मुझे पूरा यकीन है कि मेरे घर में राष्ट्रविरोधी गतिविधियां चल रही हैं। इस साजिश में मेरी बेटियां, पत्नी और शेहला का सिक्युरिटी गार्ड शाकिब भी शामिल है।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments