• Last Update 05:14 am

Cricket: भारत के पूर्व तेज गेंदबाज सुदीप त्यागी ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेटों से संन्यास लिया
Sports

Cricket: भारत के पूर्व तेज गेंदबाज सुदीप त्यागी ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेटों से संन्यास लिया

नई दिल्ली। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज सुदीप त्यागी ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेटों से संन्यास ले लिया है। वह लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) के पहले संस्करण में खेलते दिखाई दे सकते हैं। 33 साल के त्यागी ने 2009 से 2010 तक चार वनडे और एक टी-20 मैच में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उत्तर प्रदेश और हैदराबाद का प्रतिनिधित्व भी किया है। उनके नाम 41 प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 109 विकेट हैं। उन्होंने 2017 में अपना आखिरी प्रथम श्रेणी मैच खेला था।

त्यागी ने कहा, मैं भाग्याशाली हूं कि उच्च स्तर पर क्रिकेट खेल सका, भारत का प्रतिनिधत्व कर सका, मुझे इस पर गर्व है। मेरे सफर में कई लोगों ने मेरी मदद की है। मैं अपने पहले रणजी कप्तान मोहम्मद कैफ का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिन्होंने मुझे काफी प्रेरित किया। मैं सुरेश रैना का भी शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। वह भी मेरी तरह गाजियाबाद से आते हैं मैंने उन्हें देखते हुए क्रिकेट खेलना शुरू किया था। मैं महेंद्र सिंह धोनी का भी शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जिनके मार्गदर्शन में मैंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेली थी।

त्यागी को लगता है कि चोटों ने उनके करियर को काफी प्रभावित किया।उन्होंने कहा, मुझे लगातार चोटें लगीं और मैं ढाई से तीन साल के लिए बाहर रहा। पहले मुझे कंधे में चोट लगी। इसके बाद टखने और पीठ में। मेरा करियर अच्छा जा रहा था लेकिन मुझे चोटें लग गईं। चोटें खेल का हिस्सा होती हैं इसलिए हम उन्हें दोष नहीं दे सकते, लेकिन मुझे लगता है कि अगर मुझे चोटें नहीं लगती तों मैं ज्यादा खेल सकता था। भारत में प्रतिस्पर्धा काफी मजबूत है और इसलिए चोटें आपको पीछे धकले देती हैं। मुझे चोटें लगीं और इसलिए मैं पीछे हो गया।

दाएं हाथ के इस गेंदबाज ने कहा, मुझे पछतावा नहीं होता है, लेकिन कई बार मुझे लगता है कि मैं ज्यादा खेल सकता था। अगर वह एलपीएल खेलते हैं तो लीग से जुड़ने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी हो जाएंगे। उनसे पहले इरफान पठान, मुनाफ पटेल और मनप्रीत गोनी एलपीएल से करार कर चुके हैं।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments