
पेरिस। फ्रांस ने अपनी नौसेना की ताकत बढ़ाने के लिए सुफ्रेन-क्लास की घातक पनडुब्बी बनाने का निर्णय लिया है। ये पनडुब्बियां न केवल दुनिया की सबसे खतरनाक हथियारों लैस होंगी, बल्कि इन्हें पानी के अंदर पकड़ पाना भी मुश्किल होगा। इसे बाराकुडा क्लास पनडुब्बी के नाम से भी जाना जाता है। अगले साल के अंत तक इस क्लास की पहली पनडुब्बी फ्रांसीसी नौसेना को सौंप दी जाएगी।
सुफ्रेन-क्लास की पनडुब्बियां फ्रांस की वर्तमान रुबिस क्लास की पनडुब्बियों की जगह लेंगी। इनमें कई ऐसे घातक हथियार लगाए जाएंगे जो किसी शहर को भी तबाह करने के लिए पर्याप्त होंगे। इसमें फ्रांस में बने हुए आधुनिक एफ -21 हैवीवेट टॉरपीडो की तैनाती की जाएगी, जो दुश्मन के किसी भी पनडुब्बी या युद्धपोत को पलक झपकते ही बर्बाद करने में सक्षम होगी।
बिजली से चलने वाले इस पनडुब्बी को अपनी ताकत इसके रिचार्ज होने वाले लिथियम आयन बैटरी से मिलेगी। वहीं, हथियारों को फायर करने के लिए एक बार ही चार्ज होने वाली एल्यूमीनियम सिल्वर ऑक्साइड बैटरी का प्रयोग किया जाएगा। यह पनडुब्बी समुद्र के अंदर लगभग 46 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चलने में सक्षम है। फ्रांस की प्रसिद्ध नेवल ग्रुप इस पनडुब्बी का निर्माण कर रहा है।
इस पनडुब्बी का दूसरा सबसे घातक हथियार नेवस क्रूज मिसाइल होगी। इसकी ताकत की तुलना अमेरिका के टॉमहॉक लैंड अटैक क्रूज मिसाइल से की जा सकती है। सुफ्रेन-क्लास की ये पनडुब्बियां फ्रांस को रात में भी दुश्मन के ठिकानों पर सटीक हमला करने में सक्षम होंगी। इसमें ऐसी तकनीकी का इस्तेमाल किया गया है, जो दुश्मन के इलाके में गहराई तक पहुंचकर अपने मिशन को अंजाम दे सकती है।
यह पनडुब्बी समुद्र में दुश्मन के जहाजों और पनडुब्बियों का शिकार करने के लिए एफजी-29 माइन भी बिछा सकती है। वहीं, एसएम39 एंटी-शिप मिसाइल दुश्मन के किसी भी युद्धपोत को संभलने से पहले ही पानी में डुबा सकती है। इस पनडुब्बी में अनमैंड अंडरवाटर यूएवी होगी, जो रिमोट की सहायता से दुश्मन के इलाके में घुसपैठ कर सकती है।
Leave Comments