
नई दिल्ली। कोरोना महामारी के कारण इस साल रद्द की गई हज यात्रा के बाद हज यात्रा-2021 को लेकर केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि सऊदी अरब एवं भारत सरकार की प्राथमिकता लोगों की सेहत व सुरक्षा है, इसलिए हज यात्रा-2021 कोरोना महामारी के राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय दिशानिर्देशों पर निर्भर करेगी। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने नई दिल्ली में हज के सम्बन्ध में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि हज 2021 जून-जुलाई के महीने में होनी है। इसके बारे में कोरोना महामारी के प्रभाव के आकलन और सऊदी अरब सरकार एवं भारत सरकार दिशानिर्देशों के अनुसार अंतिम फैसला लिया जाएगा।
बड़े बदलावों के साथ करनी पड़ सकती है हज यात्रा
नकवी ने कहा कि हज यात्रा के लिए लोगों के आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी जाएगी। केंद्रीय मंत्री नकवी ने कहा इस बार कोरोना महामारी के चलते हज यात्रा के दौरान भारत और सऊदी अरब की सरकारों द्वारा आवास, यातायात और स्वास्थ्य और सुरक्षा मानकों में बड़ा बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार एवं हज कमेटी ने इस सम्बन्ध में आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है।
हज यात्रियों को लौटाए गए 2100 करोड़ रूपए
केंद्रीय मंत्री नकवी कहा कि कोरोना काल के दौरान भारत की शत प्रतिशत ऑनलाइन प्रक्रिया के बेहतर नतीजे सामने आए हैं, जिसके जरिए कोरोना के चलते हज-2020 पर न जा पाने वाले एक लाख 23 हजार लोगों के 2100 करोड़ रूपए बिना किसी कटौती के डीबीटी के माध्यम से वापस कर दिए गए हैं। सऊदी अरब सरकार ने भी वर्ष 2018-19 का हज यात्रियों के यातायात का लगभग 100 करोड़ रूपए वापस किए हैं। नकवी ने कहा इसके अलावा पिछले 3 साल के दौरान हज यात्रियों का लगभग 514 करोड़ सरप्लस पैसा भी कोरोना काल में वापस किया गया है। हज यात्रा के इतिहास में पहली बार पैसे सीधे आनलाइन खातों में भेजे गए हैं।
सऊदी अधिकारियों ने लिया बैठक में हिस्सा
इस हज-2021 समीक्षा बैठक में अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के सचिव पीके दास एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी, विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव विपुल, नागरिक उड्डयन मंत्रालय के संयुक्त सचिव एस के मिश्रा उपस्थित रहे। इसके अलावा वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सऊदी अरब में भारत के राजदूत डा. औसाफ सईद, जेद्दा में भारत के एक्टिंग कौंसल जनरल वाई साबिर, हज कमेटी ऑफ इंडिया के सीईओ एम. ए. खान एवं स्वास्थ्य विभाग, एयर इंडिया आदि विभागों के अधिकारी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस बैठक में शामिल हुए। गौरतलब है कि कोरोना महामारी के कारण सऊदी अरब सरकार ने सीमित संख्या में लोगों को इस साल हज की मंजूरी दी थी, लेकिन इसी कारण से भारत से हज यात्री नहीं सऊदी नहीं जा सके।
Leave Comments