
नई दिल्ली। दो दिन तक स्थिर रहने के बाद आज घरेलू बाजार में पेट्रोल-डीजल के दाम फिर बढ़ गए। भारतीय तेल विपणन कंपनियों ने आज पेट्रोल के दाम 18 पैसे तक बढ़ा दिए हैं। जबकि डीजल की कीमत में 25 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। आपको बता दें कि 11 दिनों में यह 10वीं बार है जब ईंधन के भाव बढ़े हैं। इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल की कीमतें बढ़कर क्रमश: 82.49 रुपये, 84.02 रुपये, 89.16 रुपये और 85.44 रुपये प्रति लीटर हो गई हैं। वहीं, चारों महानगरों में डीजल की कीमतें बढ़कर क्रमश: 72.65 रुपये, 76.22 रुपये, 79.22 रुपये और 78.06 रुपये प्रति लीटर हो गई हैं।
विदेशी मुद्रा दरों के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमतें क्या हैं, इस आधार पर रोज पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव होता है। इन्हीं मानकों के आधार पर पर ऑयल मार्केटिंग कंपनियां पेट्रोल रेट और डीजल रेट रोज तय करती हैं। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम हर रोज सुबह 6 बजे पेट्रोल और डीजल की दरों में संशोधन कर जारी करती हैं। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक्साइज ड्यूटी, डीलर का कमीशन और अन्य चीजों को जोड़ने के बाद तेल का दाम दोगुना तक बढ़ जाता है।
Leave Comments