
बीजिंग। चीन ने एक बार फिर ताइवान पर हमले की धमकी दी है. चीन के सरकारी टीवी चैनल सीसीटीवी ने एक ऐसा वीडियो जारी किया है जिसमें चीनी सैनिक एक अज्ञात आइलैंड पर कब्जे का अभ्यास कर रहे हैं. इस दौरान काफी गोलीबारी भी होती है. इससे पहले चीन की कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़े अखबार ने भी साफ शब्दों में कहा था कि ताइवान पर जल्द हमला किया जाएगा.
इस वीडियो में चीन की सेना यानी पीपल्स लिबरेशन आर्मी के सैनिक एक आइलैंड पर कब्जा करने के लिए बड़े पैमाने पर अभ्यास कर रहे हैं. बता दें कि ताइवान एक आइलैंड देश ही है. पिछले कुछ महीने से चीन और ताइवान के संबंध खराब होते जा रहे हैं. हाल ही में चीन ने ताइवान के एक बिजनेसमैन का वीडियो जारी कर जासूसी का आरोप लगाया था. चीन हमेशा से ताइवान को अपना ही हिस्सा मानता रहा है और जरूरत पड़ने पर बल प्रयोग की धमकी भी देता आया है. हालांकि, करीब सात दशक से ताइवान स्वशासित देश है.
चीनी सेना के अभ्यास के नए वीडियो में लड़ाकू हेलिकॉप्टर और जमीन से दागी जाने वालीं मिसाइलें भी दिखाई दे रही हैं. ऐसा कहा जा रहा है कि यह अभ्यास चीन के तटीय इलाके फुजिआन और गुआंगडोंग में किए गए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीनी सेना के 73वीं ग्रुप आर्मी ने अभ्यास में हिस्सा लिया और माना जाता है कि जरूरत पड़ने पर यहीं सैनिक ताइवान पर हमला कर सकते हैं. वहीं, शनिवार को ताइवान की राष्ट्रपति त्साई इंग वेन ने कहा था कि वह उम्मीद करती हैं कि चीन के साथ तनाव कम होगा अगर बीजिंग ताइवान की चिंताओं पर ध्यान देगा. ताइवान ने अपील की थी कि चीन अपने रुख में बदलाव करे और ताइवान के साथ फिर से बातचीत शुरू करे.
Leave Comments