
जम्मू। जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 के प्रावधानों को खत्म करने और तत्कालीन राज्य के पुनर्गठन के बाद पहली बार, केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव रहे हैं। जिला विकास परिषद के इस चुनाव में गुपकार गठबंधन के दल भी चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा कांग्रेस, बीजेपी और जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी भी चुनावी मैदान में है। शनिवार को सुबह से ही डीडीसी चुनाव के पहले चरण के लिए वोट डाले जा रहे हैं।
डीडीसी के 43 निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 296 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक है। 43 में से 25 निर्वाचन क्षेत्र कश्मीर घाटी में और 18 जम्मू क्षेत्र में हैं। जम्मू में 124 और कश्मीर में 172 उम्मीदवार मैदान में हैं। खाली पड़ी पंचायत सीटों के लिए भी उपचुनाव हो रहा है।
इन चुनावों में कुल 1 हजार 427 उम्मीदवार मैदान में हैं और 7 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक प्रदेश के कुल 280 चुनाव क्षेत्रों शनिवार से चुनाव शुरू होकर 19 दिसंबर तक चलेंगे। 8 चरणों में चुनाव कराए जाएंगे। वहीं, इसका परिणाम 22 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।
बता दें कि इसके पहले नवंबर-दिसंबर 2018 में पंचायती चुनाव हुआ था। इनमें 33 हजार 592 पंच सीटों पर 22 हजार 214 प्रत्याशी और 4,290 सरपंच पदों पर 3,459 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी। बाकी सीटें खाली रह गई थी, जहां अब उप चुनाव हो रहे हैं।
Leave Comments