
नई दिल्ली। बांग्लादेश के स्टार ऑलराउंडर क्रिकेटर शाकिब अल हसन के काली पूजा में शामिल होने से हुए विवाद में अब बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत भी कूद पड़ी है। कंगना रनौत ने इस्लामिक कट्टरपंथियों को आड़े हाथ लिया है और उन पर निशाना साधा है। बता दें कि शाकिब अल हसन के काली पूजा में शामिल होने के बाद उन्हें इस्लामिक कट्टरपंथियों की तरफ से जान से मारने की धमकियां मिल रही थी। इसी के चलते शाकिब ने माफी मांगी थी।
क्या कहा कंगना रनौत ने?
कंगना ने लगातार ट्वीट कर कहा, 'क्यूँ डरते हो इतना मंदिरों से? कोई तो वजह होगी? यूँही कोई इतना नहीं घबराता, हम तो सारी उम्र मस्जिद में बिता दें फिर भी राम नाम कोई दिल से नहीं निकाल सकता, ख़ुद की इबादत पे भरोसा नहीं या अपना ही हिंदू अतीत तुम्हें मंदिरों से आकर्षित करता है? पूछो ख़ुद से....' कंगना रनौत ने आगे लिखा, 'अपने ही देश में एक गुलाम की तरह व्यवहार किए जाने की वजह से बीमार और थक गए, हम अपने त्यौहार नहीं मना सकते, सच नहीं बोल सकते और अपने पूर्वजों की रक्षा कर सकते हैं, हम आतंकवाद की निंदा नहीं कर सकते, अंधेरे के रखवाले द्वारा ऐसे शर्मनाक गुलामों के जीवन को नियंत्रित करने की बात क्या है।'
क्या है पूरा मामला?
शाकिब अल हसन 16 नवंबर को कोलकाता में काली पूजा करने के लिए पहुंचे। उन्होंने इसका फेसबुक लाइव किया था। इस दौरान शाकिब के खिलाफ एक व्यक्ति ने अपशब्द का इस्तेमाल किया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस व्यक्ति की पहचान मोहसिन तालुकदार के रूप में हुई है। मोहसिन नाम के इस व्यक्ति ने शाकिब की जान लेने के लिए ढाका पहुंचने की बात तक कह दी। हालांकि सियाहेट के एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ने शाकिब को सुरक्षा का पूरा भरोसा दिया है।
Leave Comments