
नई दिल्ली। लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर पिछले पांच महीनों से जारी विवाद के बीच चीनी सेना के सामने मजबूती से डटी हुई सेना की 14वीं कोर के नए कमांडर के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल पीजीके मेनन ने मंगलवार को अपना पदभार संभाल लिया है। यह जिम्मेदारी उन्हें कोर के निवर्तमान कमांडर रहे लेफ्टिनेंट जनरल हरिंदर सिंह ने सौंपी। चीन सीमा पर मौजूदा तनाव के बीच सैन्य रणनीतियों को अमली जामा ले़ जनरल मेनन पहनाएंगे। सेना द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक 13 अक्टूबर को लेफ्टिनेंट जनरल मेनन ने फायर एंड फ्यूरी कॉर्प्स के नाम से चर्चित लेह स्थित सेना की 14 कोर की कमान संभाल ली है।
सेना में कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं ले. जनरल मेनन
उन्हें ले़ जनरल सिंह के द्वारा कोर कमांडर की सैन्य बैटन प्रदान की गई। भारतीय सेना में अब तक ले़ जनरल मेनन का बेहद उत्कृष्ट कार्यकाल रहा है। जिसमें उन्होंने महत्वपूर्ण सैन्य कमांड और स्टाफ के अहम दायित्वों का निर्वहन किया है। वह सिक्ख रेजीमेंट के कर्नल भी रहे हैं। उन्होंने कश्मीर घाटी में आतंकवादी रोधी अभियानों में अग्रणी भूमिका निभाने वाली सेना की राष्ट्रीय राइफल्स की एक यूनिट, भारत-पाक नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भारतीय सीमा की सुरक्षा में तैनात सेना की एक इंफेंट्री ब्रिगेड को कमांड किया है। इसके अलावा पूर्वोतर में चीन सीमा पर तैनात सेना की एक इंफेंट्री डिवीजन को भी कमांड करने ले़ जनरल मेनन को व्यापक अनुभव रहा है।
हर चुनौती से मुकाबले को हरदम तैयार रहें
14वीं कोर की कमान संभालने के बाद जवानों और अधिकारियों को दिए अपने पहले संदेश में ले़ जनरल मेनन ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर सामने आने वाले किसी भी खतरे से निपटने के लिए वह हमेशा तैयार रहें और अपने सभी क्रियाक्लापों में सबसे पहले राष्ट्र का आदर्श को सदैव ध्यान में रखें। अपनी ड्यूटी और कर्तव्यों का पालन पहले ही तरह पूरी निष्ठा के करें।
आईएमए के नए कमांडर बने ले़ जनरल हरिंदर सिंह
ले़ जनरल हरिंदर सिंह ने 14वीं कोर का कार्यभार पिछले साल अक्टूबर महीने में संभाला था। इसके बाद मौजूदा वर्ष के दौरान बीते अप्रैल और मई महीने की शुरूआत में लद्दाख पर एलएसी विवाद के दौरान चीन के साथ हुई सात दौर की सैन्य वार्ताओं में उन्होंने भारतीय सैन्य प्रतिनिधिमंडल की न केवल अगुआई की है। बल्कि हर बैठक में भारत के पक्ष को बड़ी मजबूती के साथ चीन के समक्ष भी रखा है। बतौर 14वीं कोर के कमांडर के तौर पर अपने कार्यकाल के अंतिम दिन दिए गए विदाई संदेश में ले़ जनरल सिंह ने देशसेवा को लेकर कोर के सभी कर्मियों द्वारा प्रदर्शित की गई प्रतिबद्धता और समर्पण को लेकर उनका आभार प्रकृट करते हुए धन्यवाद दिया।
जिसमें खासतौर पर लेह-लद्दाख जैसे दुनिया के सबसे दुर्गम ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाके में प्रतिकूल मौसम के साथ मौजूदा चुनौती भी शामिल है। सेना ने ले़ जनरल सिंह को भारतीय सैन्य अकेडमी, देहरादून (आईएमए) का नया कमांडर नियुक्त किया है। उधर सेना ने हाल ही में ले़ जनरल सिंह की जगह पर ले़ जनरल मेनन की नियुक्ति की औपचारिक घोषणा भी कर दी थी। ले़ जनरल मेनन ने एलएसी विवाद को लेकर बीते 21 सितंबर को हुई छठी दौर की बैठक और 12 अक्टूबर को हुई सातवें दौर की बैठक में भी भाग लिया है।
Leave Comments