• Last Update 05:38 am

भंडारा के सरकारी अस्पताल में आग से 10 नवजात की दर्दनाक मौत, CM ठाकरे ने दिए जांच के आदेश
State

भंडारा के सरकारी अस्पताल में आग से 10 नवजात की दर्दनाक मौत, CM ठाकरे ने दिए जांच के आदेश

भंडारा। भंडारा के जिला सिविल अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में शनिवार को तड़के आग लगने के कारण करीब 10 नवजातों की मौत की जानकारी सामने आई है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। दिल दहला देने वाली घटना पर कड़ा संज्ञान लेते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने आग लगने के कारणों की जांच का आदेश दिया है।

इस घटना पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे और जिला अधिकारियों से इस मामले पर चर्चा की और कहा कि जो भी जिम्मेदार पाए जाते हैं उन्हें कड़ी सजा दी जानी चाहिए। अस्पताल की सिक न्यूबॉर्न केयर यूनिट में देर रात 2 बजे आग लगी, जिससे भारी भगदड़ मच गई। आग लगने के कारण घने धुएं में जहां 10 शिशुओं ने दम तोड़ दिया, वहीं 6 अन्य को सुरक्षित बचा लिया गया। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है और भंडारा पुलिस मामले की जांच कर रही है 

इस घटना पर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने घटना को दिल दहला देने वाली त्रासदी करार दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में बोलते हुए भी इस घटना का जिक्र करते हुए शोक जताया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, महाराष्ट्र के भंडारा में दिल दहला देने वाली त्रासदी हुई, जहां हमने कीमती युवा जीवन खो दिया है। मेरे विचार सभी शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मुझे घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की उम्मीद है।

दरअसल, महाराष्ट्र में नागपुर के नजदीक भंडारा जिले के सरकारी अस्पताल में बीती रात करीब 2 बजे आग लग गई। जिससे जिला अस्पताल के सिक न्यूबॉर्न केयर यूनिट में भर्ती दस नवजात शिशुओं की मौत हो गई और सात बच्चे झुलस गए। आग लगने के पीछे शार्ट सर्किट को कारण बताया जा रहा है। परिवारवालों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments