
रांची। झारखंड राज्य में भाजपा विधायक दल के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी कोरोना संक्रमण से मुक्त हो गए हैं। मरांडी ने स्वयं ट्वीट कर यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा और झारखंड के लोगों की दुआओं की वजह से कोरोना के रैपिड एंटीजन टेस्ट में निगेटिव आकर कोरोना से मुक्त हो गया हूं। डॉक्टरों ने अगले कुछ दिनों तक आराम करने एवं पृथक-वास में रहने की सलाह दी है।
उन्होंने कहा आशा है बहुत जल्द पूर्व की तरह झारखंड जनता के लिए पहले की तरह उपलब्ध होऊंगा। इससे पूर्व 25 सितंबर को बाबूलाल मरांडी कोरोना संक्रमित पाए गए थे, जिसके चलते 26 सितंबार से प्रारंभ होने वाला उनका चार दिवसीय दुमका दौरा रद्द कर दिया गया था। मरांडी ने स्वयं ट्वीट कर अपने कोरोना संक्रमित होने की सूचना दी थी और अपने संपर्क में आए लोगों से कोविड-19 की जांच करवाने का अनुरोध किया था। राज्य की दुमका एवं बेरमो विधानसभा सीट पर तीन नवंबर को उपचुनाव होने हैं। इन सीटों पर चुनाव प्रचार के लिए बाबूलाल मरांडी का चार दिवसीय दौरा निर्धारित था। लेकिन कोरोना से संक्रमित होने की वजह से इसे टालना पड़ा था।
Leave Comments