• Last Update 06:10 am

MP Bypoll Results: मप्र में शिवराज कैबिनेट के 3 मंत्री हारे, भाजपा 19 और कांग्रेस 9 सीटें जीती
Politics
State

MP Bypoll Results: मप्र में शिवराज कैबिनेट के 3 मंत्री हारे, भाजपा 19 और कांग्रेस 9 सीटें जीती

भोपाल। मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा क्षेत्रों में हुए उप-चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 19 सीटों पर जीत हासिल की है जबकि कांग्रेस ने 9 सीटों पर अपना कब्जा जमाया है। उपचुनाव में शिवराज कैबिनेट के तीन मंत्रियों को करारी हार का सामना करना पड़ा है। मुरैना जिले के सुमावली विधानसभा क्षेत्र से मंत्री एदल सिंह कंसाना को कांग्रेस उम्मीदवार अजब सिंह कुशवाहा ने 10 हजार 947 के मतों अंतर से हरा दिया। दिमनी विधानसभा क्षेत्र में मंत्री गिरिराज दंडौतिया को कांग्रेस उम्मीदवार रवींद्र सिंह तोमर ने 26 हजार 467 वोटों के अंतर से हराया है। इसी तरह डबरा में मंत्री इमरती देवी कांग्रेस के उम्मीदवार सुरेश राजे से 7633 वोटों से हारी है।

राज्य के 28 विधानसभा क्षेत्रों में से 19 भाजपा और नौ कांग्रेस जीती है। मांधाता से भाजपा के नारायण सिंह पटेल ने कांग्रेस उम्मीदवार उत्तम पाल को 22,129 वोटों की अंतर से शिकस्त दी है। इसी तरह सुवासरा से मंत्री हरदीप सिंह डंग ने कांग्रेस प्रत्याषी राकेश पाटीदार को 29,404 मतों से हराया है। इसके अलावा, भाजपा के अम्बाह से कमलेश जाटव, बमौरी से महेंद्र सिंह सिसौदिया, अशोक नगर से जजपाल सिंह जज्जी, मुंगावली से बृजेंद्र सिंह यादव, अनूपपुर से बिसाहू लाल सिंह, सांची से डॉ. प्रभुराम चौधरी, भांडेर से रक्षा सिरौनिया, ग्वालियर में प्रद्युम्न सिंह तोमर, पोहरी से सुरेश धाकड़, बदनावर से राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव, नेपानगर से सुमित्रा कास्डेकर ने जीत दर्ज की है।

इसी तरह सुरखी से भाजपा के गोविंद सिंह राजपूत, बड़ा मलेहरा से प्रद्युम्न सिंह लोधी, हाटपिपल्या से मनोज चैधरी विजयी रहे। वहीं जौरा से सूबेदार सिंह, मेहगांव में ओ.पी.एस भदौरिया और सांवेर से तुलसी राम सिलावट ने जीत दर्ज की है।

वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर सुमावली से अजब सिंह, मुरैना से राकेश मावई, गोहद से मेवाराम जाटव, डबरा से सुरेश राजे, करैरा से प्रागी लाल जाटव, ब्यावरा से रामचंद्र दागी, आगर से विपिन वानखेडे, ग्वालियर पूर्व से सतीश सिकरवार और दिमनी से रवींद्र सिंह तोमर चुनाव जीत गए है।

राज्य में कुल 355 उम्मीदवार मैदान में थे। इस बार भाजपा और कांग्रेस के अलावा बसपा ने सभी 28 विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवार मैदान में उतारे थे उसके अलावा सपा के भी 14 क्षेत्रों के लिए उम्मीदवार मैदान में थे।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments