• Last Update 10:52 am

चौथी बार अमेरिका की हाउस स्पीकर चुनी गईं नैंसी पेलोसी
International

चौथी बार अमेरिका की हाउस स्पीकर चुनी गईं नैंसी पेलोसी

वाशिंगटन। दिग्गज डेमोक्रेटिक नेता नैंसी पेलोसी को चौथी बार अमेरिका की हाउस स्पीकर चुना गया है। उन्होंने कहा है कि यह उनका आखिरी कार्यकाल होगा। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को 80 वर्षीय पेलोसी को 216 डेमोक्रेट्स का समर्थन मिला, जबकि उनके दो सहयोगियों ने किसी और को वोट दिया और तीन मतदान में मौजूद नहीं थे। वहीं कैलिफोर्निया से सीनेटर केविन मैकार्थी को हाउस में मौजूद रहे सभी 209 रिपब्लिकन के वोट मिले, जिससे वे भी माइनोरिटी लीडर के अपने पद पर बने रहेंगे।

पेलोसी 2007 में पहली बार हाउस स्पीकर चुनी गईं थीं। इस पद पर चुनी जाने वाली वे पहली महिला हैं। इसके बाद 2019 में वे फिर से इस पद पर आईं। स्पीकर, अमेरिकी सदन का राजनीतिक और संसदीय नेता होता है। पिछले 2 सालों से व्हाइट हाउस और पेलोसी के नेतृत्व वाले हाउस के बीच संबंध तनावपूर्ण थे। चैम्बर ने 2019 के अंत में एक व्हिसलब्लोअर द्वारा शिकायत करने पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ जांच भी शुरू की थी लेकिन बाद में रिपब्लिकन की अगुवाई वाली सीनेट ने राष्ट्रपति को बरी कर दिया था। रविवार को 117वीं यूएस कांग्रेस के शपथ लेने के बाद पेलोसी को हाउस स्पीकर के तौर पर चुना गया था।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments