
जम्मू। जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 के प्रावधानों को खत्म करने और तत्कालीन राज्य के पुनर्गठन के बाद डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट काउंसिल (DDC) के चुनाव हो रहे हैं। इन चुनावों के लिए आज सुबह 7 बजे से दूसरे फेज की वोटिंग हो रही है। ये वोटिंग वोटिंग दोपहर 2 बजे तक चलेगी। इससे पहले 28 नवंबर को पहले फेज की वोटिंग हुई थी जिसमें 51.76% वोटरों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया था। बता दें कि आर्टिकल 370 हटने और केंद्र शासित राज्य बनने के बाद जम्मू-कश्मीर में पहली बार कोई चुनाव हो रहे हैं।
जिला विकास परिषद के इस चुनाव में गुपकार गठबंधन के दल भी चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा कांग्रेस, बीजेपी और जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी भी चुनावी मैदान में है। गुपकार अलायंस में डॉ. फारूक अब्दुल्ला की अध्यक्षता वाली नेशनल कॉन्फ्रेंस, महबूबा मुफ्ती की अगुआई वाली पीडीपी के अलावा सज्जाद गनी लोन की पीपुल्स कॉन्फ्रेंस, अवामी नेशनल कॉन्फ्रेंस, जम्मू-कश्मीर पीपुल्स मूवमेंट और माकपा की स्थानीय यूनिट शामिल है।मौजूदा राजनीतिक समीकरण के मुताबिक गुपकार अलायंस कश्मीर में मजबूत है, जबकि भाजपा की स्थिति जम्मू में काफी मजबूत है।
बता दें कि जिला विकास परिषद (DDC) के चुनावों में 43 क्षेत्रों में वोटिंग हो रही है। इनमें 25 डिविजन कश्मीर के और 18 जम्मू के हैं। कुल 321 कैंडिडेट मैदान में हैं। इनमें से 196 कश्मीर डिविजन के जबकि 125 जम्मू के हैं। DDC के चुनावों के साथ सरपंच और पंच के उपचुनाव भी हो रहे हैं। DDC, सरपंच और पंच के चुनावों में पहली बार पश्चिमी पाकिस्तान के रिफ्यूजी को भी वोट डालने का अधिकार मिला है। जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी पाकिस्तान से आए शरणार्थियों के 22 हजार से ज्यादा परिवार हैं।
8 फेज में हो रहे चुनाव
पहला फेज : 28 नवंबर को पूरा हुआ
दूसरा फेज : 1 दिसंबर
तीसरा फेज : 4 दिसंबर
चौथा फेज : 7 दिसंबर
पांचवां फेज : 10 दिसंबर
छठा फेज : 13 दिसंबर
सातवां फेज : 16 दिसंबर
आठवां फेज : 19 दिसंबर
Leave Comments