• Last Update 06:54 am

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का निधन, सोनिया गांधी ने कहा- एक भरोसेमंद सहयोगी थे, उनकी जगह कोई नहीं ले सकता
Politics

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का निधन, सोनिया गांधी ने कहा- एक भरोसेमंद सहयोगी थे, उनकी जगह कोई नहीं ले सकता

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का बुधवार को निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे और कुछ हफ्ते पहले कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। पटेल के पुत्र फैसल पटेल और पुत्री मुमताज सिद्दीकी ने ट्विटर पर एक बयान जारी कर बताया कि उनके पिता ने बुधवार को तड़के तीन बज कर करीब 30 मिनट पर अंतिम सांस ली। 

उन्होंने कहा , ‘‘ दुख के साथ अपने पिता अहमद पटेल की दुखद और असामयिक मृत्यु की घोषणा कर रहा हूं। 25 तारीख को सुबह करीब 3.30 बजे उनका निधन हो गया।’’ फैसल और मुमताज ने बताया कि लगभग एक महीने पहले उनके पिता कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। इलाज के दौरान उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया। 

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए बुधवार को कहा कि पटेल एक ऐसे कामरेड, निष्ठावान सहयोगी और मित्र थे जिनकी जगह कोई नहीं ले सकता। सोनिया ने यह भी कहा कि पटेल का पूरी जीवन कांग्रेस को समर्पित था। उन्होंने एक शोक संदेश में कहा, ‘‘श्री अहमद पटेल के जाने से मैंने एक ऐसा सहयोगी खो दिया है जिनका पूरी जीवन कांग्रेस पार्टी को समर्पित था। उनकी निष्ठा और समर्पण, अपने कर्तव्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, मदद के लिए हमेशा मौजूद रहना और उनकी शालीनता कुछ ऐसी खूबियां थीं, जो उन्हें दूसरों से अलग बनाती थीं।’’ 

पटेल को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के विश्वस्त सहयोगियों में से एक पटेल उनके राजनीतिक सलाहकार थे। कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रहे पटेल पार्टी के संकटमोचक के रूप में भी जाने जाते थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला और कई अन्य नेताओं ने पटेल के निधन पर दुख जताया है।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments