
मुंबई। कमजोर ग्लोबल संकेतों के चलते बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 600 अंकों की गिरावट के साथ 39922 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 156 अंकों की गिरावट रही और यह 11730 पर बंद हुआ। बीएसई मिडकैप 139.69 अंकों यानी 0.93 फीसदी की गिरावट के साथ 14,814.03 पर बंद हुआ। जबकि स्मॉलकैप सूचकांक बीते सत्र से 114.67 अंक यानी 0.76 फीसदी टूटकर 14,975.76 पर पहुंच गया। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से महज चार शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 26 शेयरों में गिरावट रही।
कारोबारी सप्ताह के तीसरे दिन बाजार की शुरुआत हल्की तेजी के साथ हुई, लेकिन कमजोरी ग्लोबल संकेतों के चलते मुनाफा वसूली बढ़ गई और शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली। इस गिरावट का नेतृत्व फाइनेंशियल और रिलायंस इंडस्ट्री ने किया। निफ्टी का फाइनेंशियल सर्विस इंडेक्स 2.31% की गिरावट के साथ बंद हुआ। निफ्टी के सभी 11 सेक्टोरल इंडेक्स में भी लाल निशान पर बंद हुए। सबसे ज्यादा गिरावट वाले पांच शेयरों में इंड्सइंड बैंक (3.45 फीसदी), एचडीएफसी (3.44 फीसदी), आईसीआईसीआई बैंक (3.34 फीसदी), टेक मिंहंद्रा (3.00 फीसदी) और बजाज फाइनेंस (2.41 फीसदी) शामिल रहे। वहीं बढ़त वाले शेयरों में भारती एयरटेल (4.26 फीसदी), एमएंडएम (1.17 फीसदी), मारुति (0.33 फीसदी) और एलएंडटी (0.12 फीसदी) रहे।
बीएसई के 19 सेक्टरों में से 17 सेक्टरों में गिरावट रही, जबकि दो सेक्टरों के सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। सिर्फ टेलीकॉम (2.90 फीसदी) और पूंजीगत वस्तुएं (0.33 फीसदी) के सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई के सबसे ज्यादा गिरावट वाले पांच सेक्टरों के सूचकांकों में बैंक इंडेक्स (2.28 फीसदी), वित्त (2.25 फीसदी), धातु (2.15 फीसदी), रियल्टी (1.98 फीसदी) और हेल्थकेयर (1.33 फीसदी) शामिल रहे। बीएसई पर कुल 3,040 शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 1,073 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए जबकि 1,782 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। कारोबार के आखिर में 185 शेयर बिना किसी बदलाव के बंद हुए।
Leave Comments