
मुंबई। कमजोर ग्लोबल संकेतों के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में बुधवार को मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है। आज के कारोबार में सेंसेक्स 100 से ज्यादा अंकों की तेजी के साथ 40,664.35 पर खुला। निफ्टी भी हल्की तेजी के साथ 11900 के पार चला गया। हालांकि बाद में शेयर बाजार में गिरावट आ गई। फार्मा और आईटी शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है। आटो शेयरों में भी हल्की खरीददारी है। बैंक और फाइनेंशियल शेयर कमजोर हुए हैं। शानदार नतीजों के बाद भारती एयरटेल के श्यर में करीब 10 फीसदी की तेजी नजर आ रही है।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों पर आधारित प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स पिछले सत्र के मुकाबले 142.25 अंकों की तेजी के साथ 40,664.35 पर खुला मगर जल्द ही फिसलकर 40,406.17 पर आ गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 शेयरों पर आधारित प्रमुख संवेदी सूचकांक निफ्टी बीते सत्र के मुकाबले 33.20 अंकों की बढ़त के साथ 11,922.60 पर खुला लेकिन जल्द ही फिसलकर 11,858.30 पर आ गया।
सेंसेक्स 30 के आज 15 शेयर हरे निशान में हैं, 15 लाल निशान में. भारती एयरटेल में 10 फीसदी तेजी है। महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी और बजाज फिनसर्व आज के टॉप गेनर्स हैं. वहीं, कोटक बैंक, एचडीएफसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचयूएल, नेस्ले इंडिया और एचसीएल टेक आज के टॉप लूजर्स हैं। निफ्टी पर प्रमुख 11 इंडेक्स में 8 लाल निशान में हें। फार्मा इंडेक्स में आधे फीसदी से ज्यादा तेजी है। आटो और आईटी इंडेक्स भी हरे निशान में हैं। बैंक, फाइनेंशियल, एफएमसीजी, रियल्टी समेत अन्य इंडेक्स लाल निशान में दिख रहे हैं।
जानकार बताते हैं कि एशिया के अन्य बाजारों से कमजोर संकेत मिलने से घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी आई। कई देसी कंपनियां दूसरी तिमाही के अपने वित्तीय नतीजे बुधवार को जारी करेंगी जिन पर बाजार की नजर होगी। वहीं कोरोना के बढ़ते मामलों से US मार्केट की चिंता बढ़ी है। कल के कारोबार में डाउ जोंस में 220 अंकों की गिरावट रही थी। इसका असर दुनियाभर के बाजारों पर दिख रहा है।
Leave Comments