
कोलकाता। पूर्व क्रिकेटर और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) प्रेसिडेंट सौरव गांगुली को तबियत बिगड़ने के बाद कोलकाता के वूडलैंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक सौरव गांगुली घर पर जिम में वर्कआउट कर रहे थे। तभी उन्हें सीने में तकलीफ हुई। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के सूत्रों ने पुष्टि की कि सौरव गांगुली को एंजियोप्लास्टी की आवश्यकता है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी ने सौरव गांगुली के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. ममता बैनर्जी ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'यह सुनकर दुख हुआ कि सौरव गांगुली को हल्के कार्डिक अरेस्ट का सामना करना पड़ा और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनके जल्द स्वस्थ होने कामना. मेरी प्रार्थनाएं उनके और उनके परिवार के साथ हैं.'
बीसीसीआई ने सौरव गांगुली के जल्दी स्वस्थ होने की कामना की है। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने भी गांगुली के लिए दुआ की है। शाह और गागुंली अभी हाल में अहमदाबाद के सरदार पटेल मोटेरा स्टेडियम में आयोजित बीसीसीआई की एजीएम में मिले थे।
शाह ने ट्वीट किया, मैं सौरव गांगुली के जल्दी स्वास्थ होने की कामना करता हूं। मैंने उनके परिवार से बात की है। दादा की तबीयत स्थिर है और वह अच्छी तरह से ईलाज करा रहे हैं। शाह के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए बीसीसीआई ने लिखा, बीसीसीआई अपने अध्यक्ष के जल्द स्वास्थ होने की कामना करता है।
भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने ट्वीट किया, दादा के जल्दी स्वास्थ होने की कामना करता हूं। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने ट्वीट करते हुए लिखा, दादा के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। जल्दी ठीक होइए दादा।
बता दें कि बीसीसीआई अध्यक्ष ने बुधवार को ईडन गार्डन्स का दौरा किया और आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) के अध्यक्ष अविषेक डालमिया के साथ तैयारियों पर चर्चा की। सीएबी के सचिव स्नेहाशीस गांगुली और संयुक्त सचिव देवव्रत दास सहित अन्य पदाधिकारी भी स्टेडियम में मौजूद थे।
इस सप्ताह की शुरुआत में, गांगुली ने अगले साल पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से पहले राजनीति में शामिल होने के बारे में भी हवा दी थी। उन्होंने कहा था कि वह निमंत्रण पर राज्य के राज्यपाल से मिलने गए थे।
Leave Comments