• Last Update 07:40 am

नवाज शरीफ के दामाद की गिरफ्तारी पर पाक में भूचाल, सिंध पुलिस ने सेना के खिलाफ किया विद्रोह
International

नवाज शरीफ के दामाद की गिरफ्तारी पर पाक में भूचाल, सिंध पुलिस ने सेना के खिलाफ किया विद्रोह

इस्‍लामाबाद। पाकिस्‍तान में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के दामाद कैप्टन सफदर की गिरफ्तारी से देश की राजनीति में भूचाल आ गया है। इस पूरे बवाल में पाकिस्‍तानी सेना केंद्र में है और इमरान खान सरकार का बचाव करना उसके लिए बड़ा भारी पड़ रहा है। हालात इतने खराब हो गए कि सिंध प्रांत की पुलिस ने एक तरह से पाकिस्‍तानी सेना के बढ़ते हस्‍तक्षेप के खिलाफ 'विद्रोह' कर दिया है। विपक्ष और मीडिया के चौतरफा दबाव के बाद पाकिस्‍तानी सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा को आनन-फानन में जांच के आदेश देने पड़े हैं।

पाकिस्‍तान के सिंध प्रांत की राजधानी कराची में 11 विपक्षी दलों के महागठबंधन ‘पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट’ (पीडीएम) का 18 अक्टूबर को विशाल जलसा हुआ। मरियम नवाज ने रैली में प्रधानमंत्री इमरान खान को ‘कायर और कठपुतली’ करार दिया था तथा फौज के पीछे छिप जाने वाला बताया था। इससे पहले गुजरांवाला में हुई जनसभा में नवाज शरीफ ने भी सेना और इमरान खान पर जमकर हमला बोला था।

मरियम नवाज ने इमरान खान पर जमकर निशाना साधा और कहा कि इमरान खान अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए पाकिस्‍तानी सेना के पीछे छिप रहे हैं। इससे पाकिस्‍तानी सेना की छवि पर बट्टा लग रहा है। उन्‍होंने इमरान खान के बारे में कहा, 'जब आपसे जवाब मांगा जाता है तो आप सेना के पीछे छिप जाते हो। आप कायर हो। आपने सेना का नाम बदनाम कर दिया।' मरियम ने प्रधानमंत्री इमरान खान को चुनौती दी थी कि उन्हें गिरफ्तार कराके दिखाएं और वह जेल जाने से नहीं डरतीं।

कराची के जलसे को संबोधित करने के बाद मरियम नवाज अपने पति के साथ होटल पहुंचीं। इस बीच रात को ही कराची पुलिस ने मरियम नवाज के पति कैप्टन (सेवानिवृत्त) मुहम्मद सफदर को अरेस्‍ट कर लिया। मरियम ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने कराची में होटल के उस कमरे का दरवाजा तोड़ दिया जिसमें मैं ठहरी हुयी थी और कैप्टन सफदर को गिरफ्तार कर लिया। उन पर पुलिस ने कथित रूप से कायद-ए-आजम की कब्र की पवित्रता की अवहेलना करने का आरोप लगाया गया। हालांकि विपक्ष के चौतरफा दबाव और ठोस सबूत नहीं होने की वजह से पुलिस को उन्‍हें कुछ घंटे में रिहा भी करना पड़ा।

कैप्‍टन सफदर की गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान में राजनीतिक भूचाल आ गया। विपक्ष ने आरोप लगाया कि पाकिस्‍तानी सेना के अधिकारियों ने 18 अक्‍टूबर की रात को सिंध के आईजीपी मुश्‍ताक महार का अपहरण कर लिया और उनसे जबरन सफदर के खिलाफ एफआईआर पर हस्‍ताक्षर कराया। विपक्ष के आरोपों को उस समय दम मिला जब सिंध पुलिस के आईजीपी मुश्‍ताक महार अपने अपहरण से दुखी होकर छुट्टी पर चले गए। आईजीपी मुश्‍ताक के छुट्टी पर जाने के बाद सिंध के 70 से ज्‍यादा शीर्ष पुलिस अधिकारी छुट्टी पर चले गए। सिंध पुलिस के आला अधिकारियों के छुट्टी पर जाने के बाद विपक्ष ने पाकिस्‍तानी सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा पर सीधे-सीधे हल्‍ला बोल दिया।


नवाज शरीफ ने ट्वीट करके कहा कराची की घटना से इस विचार को बल मिलता है कि राज्‍य से ऊपर राज्‍य (पाकिस्‍तान में) है। आपने प्रांतीय सरकार को मिले जनमत का मजाक उड़ाया, परिवार की निजता को तार-तार कर दिया, अपने आदेश को मनवाने के लिए सीनियर पुलिस अधिकारी का अपहरण कर लिया। सेना की छवि खराब कर दी। आईजीपी का पत्र इस बात की तस्‍दीक करता है कि आपने संविधान को ताक पर रख दिया।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments