
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि सफलता और असफलता किसी के वर्तमान या भविष्य का निर्धारण नहीं करते हैं विश्वभारती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को वर्चुअली संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि कोई निर्णय लेने के बाद आपको वांछित परिणाम नहीं भी मिल सकता है, लेकिन आपको निर्णय लेने से डरना नहीं चाहिए।
प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि यदि आपका इरादा स्पष्ट है और आपकी निष्ठा मां भारती (मातृभूमि) के प्रति है, तो हर निर्णय किसी न किसी समाधान की ओर अवश्य बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि सफलता और असफलता हमारे वर्तमान और भविष्य का निर्धारण नहीं करते हैं। हो सकता है कि आपको किसी निर्णय के बाद आपके द्वारा सोचा गया परिणाम न मिले, लेकिन आपको निर्णय लेने से डरना नहीं चाहिए।
ज्ञान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मोदी ने कहा कि आपको हमेशा याद रखना होगा कि ज्ञान, शिक्षा और कौशल स्थिर नहीं हैं, बल्कि यह एक सतत प्रक्रिया है, और इसमें सुधार की गुंजाइश रहेगी। लेकिन ज्ञान और शक्ति दोनों जिम्मेदारी के साथ आते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह केवल विचारधारा का सवाल नहीं है, बल्कि मानसिकता का भी मामला है। आप जो करते हैं, वह इस बात पर निर्भर करता है कि आपकी मानसिकता सकारात्मक है या नकारात्मक। जो लोग दुनिया में आतंक और हिंसा फैला रहे हैं, वे बहुत ही शिक्षित और कुशल लोग होते हैं, जबकि दूसरी ओर ऐसे लोग भी हैं जो एक महामारी से लड़ते हुए प्रयोगशालाओं में दिन-रात काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विश्व भारती न केवल एक विश्वविद्यालय है, बल्कि एक जीवंत परंपरा का हिस्सा है।
Leave Comments