
शारजाह। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन के 52वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को 5 विकेट से हरा दिया। इस जीत के बाद हैदराबाद की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें कायम है। हैदराबाद के 13 मैच में 6 जीत के साथ 12 अंक है और वो पॉइंट टेबल में टॉप-4 में पहुंच गई है। वहीं बैंगलोर के आसान दिख रही प्लेऑफ की रेस अब मुश्किल हो गई है। हालांकि इस हार के बावजूद 13 मैच में 14 पॉइंट के साथ वह टॉप-2 में बरकरार है।
शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में हैदराबाद के कप्तान डेविड वॉर्नर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबजा करने उतरी बैंगलोर की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 120 रन बनाए। बैंगलोर के लिए सबसे ज्यादा 32 रन जोश फिलिप ने बनाए। डिविलियर्स ने 24 और वॉशिंगटन सुंदर ने 21 रन की पारी खेली।
जवाब में हैदराबाद की टीम ने 14.1 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर इस लक्ष्य को हासिल कर लिया। हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा 39 रन ऋद्धिमान साहा ने बनाए। बैंगलोर के लिए युजवेंद चहल ने 2, नवदीप सैनी, वॉशिंगटन सुंदर और इसुरु उडाना ने 1-1 विकेट लिया। वहीं हैदराबाद की ओर से संदीप शर्मा और जेसन होल्डर ने दो-दो विकेट लिए। नटराजन, नदीम और राशिद खान को 1-1 विकेट मिला।
इस हार के बाद बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली ने कहा कि इस मैच में मौसम अचानक से बदला जिसकी उनकी टीम ने उम्मीद नहीं की थी। कोहली ने कहा, हमारा स्कोर काफी नहीं था। हमें लगा था कि 140 अच्छा टोटल होगा, लेकिन स्थितियां अचनाक से बदल गईं, जिसकी हमने कल्पना भी नहीं की थी। हमने सोचा था कि मौसम अच्छा होगा और ज्यादा ओस नहीं होगी।
उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि हमने बल्ले से हिम्मत नहीं दिखाई। उनके गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की और पिच का अच्छे से इस्तेमाल किया। प्लेऑफ को लेकर कोहली ने कहा, स्थिति बेहद साफ थी है, आखिरी मैच जीतो और शीर्ष-2 में रहते हुए लीग चरण का अंत करो। यह काफी रोमांचक होने वाला है। दो टीमें 14 अंकों पर हैं।
दोनों टीमें:
बेंगलुरु: देवदत्त पडिक्कल, जोश फिलिप, विराट कोहली (कप्तान), एबी डिविलियर्स (विकेटकीपर), गुरकीरत सिंह, वाशिंगटन सुंदर, क्रिस मॉरिस, इसुरु उडाना, नवदीप सैनी, मोहम्मद सिराज और युजवेंद्र चहल।
हैदराबाद: डेविड वॉर्नर (कप्तान), ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), मनीष पांडे, केन विलियम्सन, अब्दुल समद, अभिषेक शर्मा, जेसन होल्डर, राशिद खान, संदीप शर्मा, शाहबाज नदीम और टी नटराजन।
Leave Comments