
भोपाल, 24 दिसंबर, न्यूज़ मंच, मुख्यमंत्री पद की कमान संभालते ही कमलनाथ ने प्रशासनिक अधिकारीयों में फ़ेरबदल कर अपने हिसाब से व्यवस्थित कर रहे है। इस संबंध में उन्होंने पहले ही आदेश जारी कर दिया है। कमलनाथ के मुख्यमंत्री बनते ही राज्य शासन ने आधा दर्जन प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले कर प्रशासनिक कसावट तेज़ कर दी है । इसी के साथ कमलनाथ ने अपनी टीम बनाने की कवायद शुरू कर दी है। वहीं मुख्यमंत्री कमलनाथ के ओएसडी के लिए नाम तय हो गया है।
अब आईपीएस प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव सीएम कमलनाथ की नई ओएसडी बनीं। राज्य शासन द्वारा भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी श्रीमती प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अजाक, पुलिस मुख्यालय को मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी पदस्थ किया गया है। उनकी सेवाएं गृह विभाग से सामान्य प्रशासन विभाग को सौंप दी गई हैं।
इसी के साथ ही प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के पति मनु श्रीवास्तव को भी महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी सौंपी गयी है। जानकारी के अनुसार, नवकरणीय ऊर्जा के प्रमुख सचिव एवं ऊर्जा विकास निगम के प्रबंध संचालक मनु श्रीवास्तव को वाणिज्यिक कर विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। इस फेरबदल के बाद ये दंपत्ति सबसे ताकतवर अफसर दंपत्ति बन गया है।
बता दें कि ओएसडी पद के लिए प्रज्ञा के साथ शैलेष सिंह नाम की भी चर्चा थी परन्तु प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव को ओएसडी बनाया गया। 1991 बैच की आईपीएस अधिकारी प्रज्ञा रिचा श्रीवास्तव वर्तमान में एससी-एसटी वेलफेयर की एडीजीपी हैं।
मुख्यमंत्री सचिवालय में अब मुख्यमंत्री कमलनाथ की निजी स्थापना में नए सिरे से जमावट शुरू हो गई है। इससे पहले बुधवार को प्रशासनिक सर्जरी हुई। राज्य शासन ने आधा दर्जन प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले किए हैं, जिसमें लंबे वक्त से मुख्यमंत्री सचिवालय में कार्य देख रहे प्रमुख सचिव विवेक अग्रवाल एवं हरिरंजन राव को सीएम सचिवालय से निकाल दिया है। वहीं अशोक बर्णवाल प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री बने रहेंगे।
Leave Comments