
सिडनी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच से पहले विराट कोहली का रोहित शर्मा की चोट को लेकर बयान सामने आया है। विराट कोहली ने कहा कि उनके पास रोहित की चोट की स्थिति को लेकर पूरी जानकारी नहीं है। कोहली ने कहा, 'ऋद्धिमान साहा जैसा खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया में रिहैब कर रहा है, जबकि रोहित और ईशांत भारत में हैं। उन्हें भी साहा की तरह ऑस्ट्रेलिया में आकर रिहैब करना चाहिए था।' बता दें कि रोहित शर्मा और ईशांत नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA), बेंगलुरु में रिहैब से गुजर रहे हैं। उन्हें आईपीएल के दौरान चोट लग गई थी।
कोहली ने कहा, 'उन्होंने IPL खेला और हमें लगा कि वे हमारे साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएंगे। मुझे ये बिलकुल नहीं पता कि रोहित हमारे साथ क्यों नहीं आए। इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। इस मामले पर टीम मैनेजमेंट को भी जानकारी का अभाव है। हम फिलहाल इस मामले पर कोई पुख्ता जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।' इससे पहले टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री ने भी कहा था कि अगर अगले 4-5 दिन में रोहित और ईशांत शर्मा ऑस्ट्रेलिया की फ्लाइट में नहीं बैठते हैं, तो उनका टेस्ट में खेलना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा था कि हम किसी खिलाड़ी का लंबे समय तक रेस्ट कराना अफोर्ड नहीं कर सकते।
बता दें कि चोट के चलते रोहित को टीम इंडिया के वन-डे और टी-20 टीम में शामिल नहीं किया गया। हालांकि उन्हें टेस्ट टीम में जगह मिली थी। रोहित को फिट होने में अभी करीब 3 हफ्ते लगेंगे। इसके बाद अगर वे ऑस्ट्रेलिया रवाना होते हैं, तो उन्हें 14 दिन के लिए क्वारंटीन में रहना होगा। जिससे उनके पहले 2 टेस्ट खेलने पर संशय बना हुआ है। भारतीय टीम 27 नवंबर से तीन वनडे, तीन टी20 और चार टेस्ट मैच खेलेगी। वनडे और टी-20 सीरीज 27 नवंबर से आठ दिसंबर के बीच सिडनी और कैनबरा में खेली जाएगी। टेस्ट सीरीज की शुरुआत एडीलेड में 17 दिसंबर से डे नाइट टेस्ट मैच से होगी।
Leave Comments