• Last Update 08:23 am

संसद में किसानों का मुद्दा नहीं उठाने के लिए कांग्रेस की भाजपा से सांठगांठ : आप सांसद
National

संसद में किसानों का मुद्दा नहीं उठाने के लिए कांग्रेस की भाजपा से सांठगांठ : आप सांसद

नयी दिल्ली। राज्यसभा की कार्यवाही बाधित करने पर मार्शल की मदद से सदन से बाहर किये जाने के बाद आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने बुधवार को दावा किया कि कांग्रेस ने संसद में किसानों के मुद्दे को अलग से और आक्रामक तरीके से नहीं उठाने के लिए भाजपा के साथ पिछले दरवाजे से हाथ मिला लिया है। 

सिंह ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस को केंद्र द्वारा हाल ही में लागू विवादास्पद कृषि कानूनों पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। राज्यसभा में बुधवार को आम आदमी पार्टी के तीन सदस्यों संजय सिंह, सुशील गुप्ता और एनडी गुप्ता को सदन की कार्यवाही बाधित करने पर दिन भर के लिए निलंबित कर दिया गया। बाद में उन्हें मार्शल की मदद से सदन से बाहर किया गया। सुबह, उच्च सदन में शून्यकाल समाप्त होने पर संजय सिंह ने आंदोलन कर रहे किसानों से जुड़ा मुद्दा उठाने का प्रयास किया। 

लेकिन सभापति एम वेंकैया नायडू ने उन्हें अनुमति नहीं दी और कहा कि सदस्य राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर होने वाली चर्चा में अपनी बात रख सकते हैं। सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘कांग्रेस ने भाजपा के साथ पिछले दरवाजे से हाथ मिला लिया है ताकि संसद में किसानों के मुद्दे को अलग से और आक्रामक तरीके से नहीं उठाया जा सके।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आज जब आप सांसदों को राज्यसभा से मार्शल की मदद से बाहर निकाला गया तो कांग्रेस पार्टी चुप्पी साधे रही।’’
 

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments