
कोलकाता। पश्चिम बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप घोष के काफिले पर 5 दिन के भीतर दूसरी बार हमला हुआ है। मुर्शिदाबाद में बुधवार को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की गाड़ी पर पत्थर फेंके गए। इस काफिले में पुलिस की गाड़ी भी थी। दिलीप घोष ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया है।
इस हमले के बाद दिलीप घोष ने ट्वीट कर कहा, 'मुर्शिदाबाद के कांडी में आज दिन में 3 बजकर 45 मिनट और पुरन्दरपुर में 5 बजकर 32 मिनट पर टीएमसी के गुंडों ने काले झंडे दिखाए और मेरी गाड़ी पर पत्थर फेंके। उन्होंने कहा कि हताश और निराश टीएमसी अब आखिरी प्रयास के रूप में पॉलिटिकल टेररिज्म की कोशिश कर रही है।
इस पूरे मामले पर पश्चिम बंगाल बीजेपी के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने भी ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि उसी मुर्शिदाबाद में जहां मेरी गाड़ी को कुछ विशेष वर्ग के असामाजिक लोगों ने घेर लिया था। वहीं आज दिलीप घोष की गाड़ी पर हमला हुआ है। आश्चर्य की बात ये है कि उनकी गाड़ी के पीछे जिले के SP की गाड़ी थी।
बता दें कि दिलीप घोष के काफिले पर इससे पहले 12 नवंबर को हमला हुआ था। यह हमला तब हुआ था जब उनका काफिला अलीपुरद्वार से गुजर रहा था। काफिले पर पत्थर फेंके जाने से कुछ गाड़ियों के शीशे टूट गए थे और कुछ गाड़ियों को भारी नुकसान हुआ था। बीजेपी ने इस हमले का जिम्मेदार टीएमसी को बताया था।
Leave Comments