• Last Update 06:10 am

Bihar Election Result: कौन बनेगा बिहार का मुख्यमंत्री? विधानसभा की 243 सीटों की मतगणना सुबह 8 बजे से
Politics

Bihar Election Result: कौन बनेगा बिहार का मुख्यमंत्री? विधानसभा की 243 सीटों की मतगणना सुबह 8 बजे से

पटना। बिहार की जनता ने किसे जनादेश दिया है, यह मंगलवार को पता चल जाएगा। विधानसभा की 243 सीटों पर तीन चरणों में संपन्न चुनाव की मतगणना के लिए चुनाव आयोग ने पूरी तैयारी कर ली है। सभी मतगणनास्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। राज्य में मतगणना के लिए 38 जिलों में 55 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं, जहां मंगलवार को मतों की गिनती की जाएगी। सुबह मतगणना शुरू होगी और शाम तक तय हो जाएगा कि बिहार की सत्ता एक बार फिर नीतीश कुमार के हाथ होगी या 15 साल के बाद बिहार में बदलाव होगा। बता दें कि बिहार में तीन चरणों 28 अक्टूबर, 3 नवंबर और 7 नवंबर को मतदान किया गया था। 

बिहार राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, पूर्वी चंपारण, सीवान, बेगूसराय और गया में तीन-तीन नालंदा, बांका, पूर्णिया, भागलपुर, दरभंगा, गोपालगंज, सहरसा में दो-दो मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। 55 मतगणना केंद्रों में 414 हॉल बनाए गए हैं। इन सभी केंद्रों पर 8 बजे से मतगणना का काम प्रारंभ होगा, संभावना है कि नौ बजे तक पहला रूझान सामने आ पाएगा। पहला परिणाम दिन के तीन बजे तक आने की संभावना है। बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एच आर श्रीनिवास ने कहा कि चुनाव आयोग ने स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्रों के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा स्थापित की है।

एक्जिट पोल के सामने आने के बाद महागठबंधन की सत्ता में आते देखकर राजद के समर्थकों में उत्साह है, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने जब किसी प्रकार का जश्न न मनाने का निर्देश दिया, तब से वे शांत नजर आ रहे हैं। राजद के प्रवक्ता मनोज झा से जब इस संबंध में पूछा गया तो वे कहते हैं कि तनाव कहीं नहीं है। उन्होंने कहा, चुनाव का अपना मिजाज होता है। तीनों चरण में मतदाताओं ने अपना मिजाज दिखा दिया है। मतदाता न केवल मंगलवार को जनादेश देगी, बल्कि आदेश देगी बिहार के बदलाव का। नए बिहार के निार्मण के और यह होकर रहेगा।

इधर, एक्जिट पोल में राजग के प्रमुख घटक दल जदयू के सीटों में भले ही बड़ी गिरावट दिखाई गई हो, लेकिन उन्होंने उम्मीद अभी नहीं छोड़ी है। जदयू के प्रवक्ता अजय आलोक कहते हैं, हमलोग रिलैक्स हैं, जनता का आदेश सर आंखों पर। कल (मंगलवार) को शाम को नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग सरकार बनाएगी। उन्होंने राजग और कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए आगे कहा कि परेशानी तो उधर है, जो जनादेश की चोरी की बात कर रहे हैं और पार्टी द्वारा आदेश निकाला जा रहा है कि जश्न नहीं मनेगा। पटाखे नहीं चलाना।

इधर, राजद की सहयोगी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पार्टी के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि एक्जिट पोल में जनता का जो फैसला जमीन पर नजर आ रहा था, वह बदलाव का था। उन्होंने कहा कि मंगलवार को महागठबंधन की सरकार बनेगी और मजबूती से बिहार के विकास के लिए सरकार बनेगी। बहरहाल, सभी दलों के दावे अभी भी कायम है, जनता ने अपना फैसला सुना दिया है, जिसका मंगलवार को पता भी चल जाएगा। तब तक तो सभी को इंतजार करना होगा।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments