• Last Update 06:14 am

बिहार विधानसभा चुनाव 2020: दरभंगा की जनसभा में बोले पीएम मोदी- बीते 15 वर्षों में नीतीश के नेतृत्व में आगे बढ़ा बिहार
Politics

बिहार विधानसभा चुनाव 2020: दरभंगा की जनसभा में बोले पीएम मोदी- बीते 15 वर्षों में नीतीश के नेतृत्व में आगे बढ़ा बिहार

दरभंगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज दरभंगा में पहली जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा, आज बिहार में पहले चरण का मतदान चल रहा है। जहां-जहां चुनाव चल रहा है, वहां के सभी साथियों से मेरा आग्रह है कि कोरोना से बचने के लिए पूरी सावधानी बरतें। 

पीएम मोदी ने कहा, भाजपा और NDA की पहचान है कि जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं। देश में पहली बार ये हुआ है, जब मैनिफेस्टो को उठाकर ये आंकलन लगाया जा रहा है कि आगे कौन सा कदम सरकार उठाने वाली है। बीते 15 वर्षों में बिहार नीतीश जी के नेतृत्व में बहुत आगे बढ़ा है। आज मां सीता अपने नैहर को तो प्रेम से निहार ही रही होंगी। अयोध्या पर भी आज यहां की नजर होगी। सदियों की तपस्या के बाद आखिरकार अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण शुरु होगा। 

पीएम मोदी ने कहा, हमने कहा था कि हर किसान के बैंक खाते में सीधी मदद भेजेंगे। आज करीब-करीब एक लाख करोड़ रुपये की सीधी मदद किसान के खाते में जमा कराई जा चुकी है। हमने कहा था कि हर गरीब का बैंक खाता खोलेंगे। आज 40 करोड़ से ज्यादा गरीबों का बैंक खाता खुल चुका है। पीएम मोदी ने कहा, हमने कहा था कि हर गरीब बहन-बेटी की रसोई में मुफ्त गैस कनेक्शन पहुंचाएंगे। आज उज्जवला योजना ने बिहार की भी करीब 90 लाख महिलाओं को लकड़ी के धुएं से मुक्त किया है। हमने कहा था हर गरीब को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा देंगे। आज बिहार के भी हर गरीब को ये सुविधा मिल रही है।

पीएम मोदी ने कहा, कोरोना के इस संकट काल में हमने ये भी कहा था कि हर गरीब को मुफ्त अनाज देंगे। दुनिया को अचरज हो रहा है कि 130 करोड़ के देश को 8 महीने तक इस देश का कोई व्यक्ति भूखा न सोए इतनी बड़ी व्यवस्था कोरोना के संकटकाल में की गई। इस क्षेत्र में पानी से होने वाली बीमारियों की दिक्कत हमेशा रही है। इस दिक्कत का एक बड़ा इलाज है, हर घर पीने का शुद्ध पानी पहुंचे। बीते समय में पूरी ताकत से बिहार में ये काम किया गया है। 

पीएम मोदी ने कहा, NDA का यही ट्रैक रिकॉर्ड आज बिहार के जन-जन को आस्वस्त करने वाला है। NDA और भाजपा ने विकास को जो रोडमैप अपने मैनिफेस्टो में खींचा है उस पर तेजी से अमल होगा ये तय है। आत्मनिर्भर बिहार का जो संकल्प लिया है उस पर हम और तेजी से आगे बढ़ेंगे। दरभंगा में एम्स बनने से मिथिलांचल को बहुत बड़ी सुविधा मिलेगी। दरभंगा एम्स के लिए 1200 करोड़ रुपए से ज्यादा मंजूर किए गए हैं। एम्स बनने से यहां के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं तो मिलेंगी ही, मेडिकल की पढ़ाई की सीटें भी बढ़ेंगी। दरभंगा में एयरपोर्ट की आधुनिक सुविधाएं मिलने से पूरे मिथिलांचल की कनेक्टिविटी और सशक्त होगी।

पीएम मोदी ने कहा, रामायण सर्किट का अहम हिस्सा होने के कारण मिथिलांचल में पर्यटन, तीर्थाटन की संभावनाओं का विस्तार होगा। गरीबो के लिए जो 10 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है, उसका लाभ भी इस क्षेत्र के युवाओं को मिलना तय है। इसके साथ ही सरकार ने हमारे दलित, पिछड़े, अति-पिछड़े भाई बहनों के लिए आरक्षण को जो अगले 10 साल तक के लिए बढ़ा दिया है, वो भी यहां के नौजवानो के लिए लाभकारी है। पहले के समय जो लोग सरकार में थे उनका मंत्र रहा है- पैसा हजम परियोजना खत्म। उन्हें कमीशन शब्द से इतना प्रेम था कि कनेक्टिविटी पर कभी ध्यान ही नहीं दिया।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments