
पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में आज 71 विधानसभा क्षेत्र के करीब 2़14 करोड़ मतदाता 1,066 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। प्रथम चरण के चुनाव में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेतृत्व राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी दलो के महगठबंधन के बीच माना जा रहा है, लेकिन कुछ क्षेत्रों में अन्य राजनीतिक दल और निर्दलीय प्रत्याशी मुकाबले को त्रिकोणात्मक भी बनाने के प्रयास में हैं।
बिहार में प्रथम चरण में 2.14 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनके लिए 31,380 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस चरण में सबसे अधिक गया में 27 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जबकि सबसे कम पांच प्रत्याशी बरबीघा में हैं।
चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश के अनुसार, सभी मतदान केंद्रों पर सामाजिक दूरी का पालन करते हुए मतदान होगा। सभी मतदान केंद्रों पर एक हजार मतदाता मतदान में शामिल होंगे। मतदाताओं को मास्क, गमछा या तौलिया से मुंह ढककर मतदान के लिए जाना होगा। केंद्रों पर थर्मल थर्मामीटर से मतदाताओं के शरीर के तापमान की जांच होगी, उनके हाथ सेनिटाइज कराए जाएंगे और इसके बाद ग्लब्स पहनकर मतदान देना होगा।
प्रथम चरण में 1066 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इस चरण में कई हाइप्रोफाइल सीटें हैं और कई बड़े नेता मैदान में हैं। इस कारण यह उनके लिए प्रतिष्ठा का भी सवाल है।
पहले चरण के चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के अलावे आठ मंत्री प्रेम कुमार, कृष्णनंदन वर्मा, शैलेश कुमार, विजय कुमार सिन्हा, जय कुमार सिंह, रामनारायण मंडल, संतेाष कुमार निराला तथा बृजकिशोर बिंद सहित कई दिग्गज चुनावी मैदान में हैं।
Leave Comments