
भोपाल। मध्य प्रदेश चुनाव की तारीख जैसे-जैसे करीब आती जा रही है। राजनीतिक दल अपनी पूरी ताकत झोंकते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस-भाजपा जनता के बीच सबसे चर्चित चेहरों को प्रचार के लिए मैदान में उतार रही है। प्रदेश में कमलनाथ, दिग्विजय के बाद अब स्टार प्रचारक सचिन पायलट मैदान में उतरेंगे। राजस्थान कांग्रेस के दिग्गज नेता पायलट यहां 28 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के जनसभाएं करेंगे। पायलट अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान शिवपुरी, मुरैना, भिण्ड और ग्वालियर जिले की विभिन्न विधानसभाओं में कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में जनसभाएं करेंगे।
कांग्रेस के ग्वालियर-चंबल इलाके के मीडिया प्रभारी के.के. मिश्रा ने बताया कि पायलट मंगलवार 27-28 अक्टूबर को शिवपुरी जिले की करैरा विधानसभा के नरवर, पोहरी विधानसभा के सतनबाड़ा, मुरैना जिले की जौरा विधानसभा के कैलारस, ग्वालियर एवं ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा लेंगे। उनका रात्रि विश्राम ग्वालियर में रहेगा। पायलट 28 अक्टूबर को मुरैना के रनचोली, भिण्ड जिले की मेहगांव विधानसभा, गोहद विधानसभा, ग्वालियर जिले की डबरा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
राजनीतिक पर्यवक्षेकों ने बताया कि 28 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में 16 सीटें ग्वालियर-चंबल इलाके में आती हैं। इस क्षेत्र में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में गए राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया का काफी प्रभाव माना जाता है। इसके तहत कांग्रेस से बीजेपी में गए ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रभाव वाले ग्वालियर-चंबल के इलाके में चुनावी जीत के लिए कांग्रेस ने बड़ी रणनीति बनाई है. इसके तहत सिंधिया के पुराने मित्र और राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट को चुनाव प्रचार में उतारा है।
Leave Comments