
नई दिल्ली। बिहार की चुनाव प्रचार अपने चरम पर पहुच गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार में आज से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करने वाले हैं। पीएम मोदी शुक्रवार को तीन जगहों सासाराम, गया और भागलपुर में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
लोगों के सामने रखूंगा विकास की प्राथमिकताएं
पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि आज बिहार के भाइयो-बहनों के बीच रहने का अवसर मिलेगा। सासाराम, गया और भागलपुर में रैलियों को संबोधित करूंगा। इस दौरान एनडीए के विकास की प्राथमिकताओं को लोगों के सामने रखूंगा और उनसे अपने गठबंधन के लिए आशीर्वाद मांगूंगा।
रोहतास, गया और भागलपुर में पीएम मोदी की रैलियां
पीएम मोदी की पहली जनसभा रोहतास के डेहरी के सुअरा स्थित बियाडा मैदान में होगी। इसके बाद पीएम गया के गांधी मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। जबकि, दोपहर 1।30 से दो बजे पीएम भागलपुर में रैली को संबोधित करेंगे।
बिहार में चार दिन में पीएम मोदी की 12 जनसभाएं
पीएम मोदी बिहार में कुल 12 रैलियां करेंगे। शुक्रवार को तीन रैलियां करने के बाद पीएम मोदी 28 अक्टूबर को दरभंगा, मुजफ्फरपुर और पटना में रैली करेंगे। पीएम 1 नवंबर को छपरा, पूर्वी चंपारण और समस्तीपुर और 3 नवंबर को पश्चिमी चंपारण, सहरसा और फारबिसगंज में रैली करेंगे। पीएम मोदी की होने वाली रैलियों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मंच पर मौजूद रहेंगे।
जहां कमजोर पड़ रहे नीतीश, वहीं होंगी मोदी की रैलियां
पीएम मोदी की चारों दिन होने वाली रैलियों में जेडीयू का कोई न कोई बड़ा नेता मौजूद रहेगा। पीएम मोदी की सभी 12 रैलियों वहां रखी गई है जहां पर जेडीयू की स्तिथि थोड़ी कमजोर है और जहां लोजपा वोट काटकर जेडीयू और भाजपा दोनो को नुकसान पहुंचा सकती है।
Leave Comments