• Last Update 05:15 am

ग्रेटर हैदराबाद निगम चुनाव के नतीजों को बीजेपी प्रेसिडेंट नड्डा ने बताया ऐतिहासिक
Politics

ग्रेटर हैदराबाद निगम चुनाव के नतीजों को बीजेपी प्रेसिडेंट नड्डा ने बताया ऐतिहासिक

नई दिल्ली। ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) चुनाव परिणामों को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के लिए ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के विकासवाद पर मुहर लगाते हुए परिवारवाद, भ्रष्ट और तुष्टीकरण की राजनीति को खारिज कर दिया है। उन्होंने तेलंगाना के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंडी संजय कुमार और राज्य के कार्यकतार्ओं की मेहनत की सराहना की है। हैदराबाद में पिछले चुनाव में चार के मुकाबले भाजपा फिलहाल 48 सीटें जीतने में सफल रही है।

हैदराबाद निगम चुनाव में बड़े नेताओं के उतारने पर विपक्ष की ओर से निशाना साधे जाने पर जेपी नड्डा ने पलटवार करते हुए कहा, हैदराबाद जहां 5 लोकसभा की सीटें हो, 24 विधानसभा की सीटें हों, 1.25 करोड़ जनता हो और उनमें से 75 लाख लोग वोट डालने वाले हों। उसे गली का चुनाव कहा गया, लेकिन मैं इसे अपने दिल का चुनाव समझता हूं। भारत की जनता ने और हैदराबाद की जनता ने मोदी जी के विकासवाद पर मोहर लगाई है। मैं हैदराबाद की जनता को धन्यवाद देता हूं, हमारे तेलंगाना और हैदराबाद के कार्यकतार्ओं को बधाई देता हूं।

उन्होंने ट्वीट कर कहा, भाजपा के लिए हैदराबाद के नतीजे ऐतिहासिक हैं। ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम के चुनावों से पता चलता है कि देश के लोग केवल और केवल विकास के एजेंडे का समर्थन करते हैं। यह चुनाव परिणाम, प्रधानमंत्री के विकास और गवर्नेंस मॉडल के प्रति लोगों के अप्रतिम समर्थन को दशार्ता है।

नड्डा ने कहा, ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम के परिणामों ने परिवारवाद, भ्रष्ट और तुष्टीकरण की राजनीति को खारिज किया है। मैं प्रदेश अध्यक्ष संजय और मेहनती कार्यकतार्ओं को बधाई देता हूं, जिनके उत्साही प्रयासों के लिए बड़ी सफलता हासिल हुई।

बता दें कि देश के सबसे बड़े नगर निगम में से एक ग्रेटर हैदराबाद के चुनाव नतीजे आ गए हैं। नगर निगम के चुनाव में बीजेपी बाजीगर बनकर उभरी है। इन चुनावों में बीजेपी ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 48 सीटों पर जीत हासिल की है। केसीआर की पार्टी टीआरएस को 55 और असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM को 44 सीटों पर जीत मिली। 

कांग्रेस केवल दो सीटें जीतने में कामयाब रही। इस बार किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला है। 150 वार्डों वाले ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम में बहुमत का आंकड़ा 75 है। हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार स्वस्तिक के निशान के कारण नेरेडेट वार्ड का परिणाम रोक दिया गया।

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments