
कटनी। भाजपा की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा है कि आगामी समय में होने वाले नगरीय निकाय के चुनाव का घोषणा-पत्र पार्टी का नहीं हेागा, बल्कि जनता की सोच, जरूरत और जनमत से तैयार किया जाएगा।
शर्मा ने अपने संसदीय क्षेत्र खजुराहो के कटनी में संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि नगर निकायों के लिए पार्टी का जो घोषणापत्र होगा, वह भाजपा का नहीं, बल्कि जनता की सोच से, जनमत से तैयार होगा। क्षेत्र के विकास के लिए प्रबुद्धजन क्या चाहते हैं, इसका समावेश पार्टी के घोषणापत्र में किया जाएगा। सभी नगरीय निकायों के लिए पार्टी का घोषणा पत्र जनता की राय पर ही आधारित होगा।
उन्होंने कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ के उस बयान पर तंज कसा, जिसमें कमल नाथ ने कहा था कि कांग्रेस का मुकाबला भाजपा के संगठन से है। शर्मा ने कहा कि कमल नाथ के इस बयान से दो संकेत मिलते हैं। पहला तो यह कि कमल नाथ ने अभी से निकाय चुनाव में अपनी हार स्वीकार कर ली है और दूसरा यह कि उन्होंने अभी से इस हार का ठीकरा कार्यकर्ताओं के सिर फोड़ने की तैयारी कर ली है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के रास्ते पर चलता है, जिन्होंने पं. नेहरू को टिप्पणी का जवाब देते हुए कहा था, हम उस मानसिकता को ही समाप्त कर देंगे, जो जनसंघ को खत्म करने की बात करती है। हमारे कार्यकर्ताओं ने विधानसभा उपचुनाव में भी टीम भावना से काम करते हुए कमल नाथ की चुनौती का जवाब दिया था और अब निकाय चुनावों में भी हमारे कार्यकर्ता प्रचंड जीत दर्ज कर इस चुनौती का जवाब देंगे।
Leave Comments