
नई दिल्ली। इस बार दीपावली से पहले सरकार केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में इजाफा कर सकती है। इसके लिए सरकार आज सरकार उपभोक्ता मूल्य सूचकांक यानी सीपीआई-आईडब्ल्यू के आधार वर्ष में बदलाव की घोषणा कर सकती है। इससे 48 लाख कर्मचारियों को सीधे तौर पर फायदा होगा। अगर सरकार आधार वर्ष को 2016 कर देती है, तो कर्मचारियों को मिलने वाला महंगाई भत्ता बढ़ जाएगा।
जून 2021 तक के लिए भत्तों में वृद्धि फ्रीज
मौजूदा समय में सरकार ने कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर जून 2021 तक के लिए भत्ते में वृद्धि को फ्रीज कर रखा है। कर्मचारियों को पिछली दर के हिसाब से 17 फीसदी डीए का भुगतान किया जा रहा है। इसका मतलब यह भी है कि केंद्र सरकार के कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी में कुछ समय लग सकता है। मार्च में सरकार ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों के डीए में चार फीसदी की वृद्धि की थी। हालांकि, अप्रैल में सरकार ने महामारी का हवाला देते हुए इसे जून 2021 से लागू करने का फैसला किया था।
आज होने वाले फैसले पर टिकी निगाहें
केंद्रीय कर्मचारियों की निगाहें अब आज होने वाले निर्णय पर लग गई हैं। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष कुमार गंगवार आज नया सीपीआई-आईडब्ल्यू सूचकांक जारी कर सकते हैं। यदि इसमें बदलाव किया गया तो कर्मचारियों का वेतन बढ़ना तय है, क्योंकि वेतन एवं डीए का आकलन इस सीपीआई-आईडब्ल्यू पर ही आधारित होता है। जब इसे आधार वर्ष में परिवर्तित किया जाता है तो सीधा महंगाई भत्ते पर प्रभाव पड़ता है। यह भी उम्मीद जताई जा रही है कि सीपीआई-आईडब्ल्यू के आधार वर्ष को बदलने से निजी क्षेत्र के कामगारों के न्यूनतम वेतन में भी इजाफा होगा।
Leave Comments