
भारतीय टीम के ऑस्ट्रेलिया दौरे के पहले टेस्ट मैच के पहले ही दिन भारत के दावों की हवा निकल गयी. एडिलेड ओवल के मैदान पर खेले जा रहे इस मुक़ाबले में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और भारत की आधी टीम मात्र 86 रन पर ही पवेलियन जा बैठी. भारत का टॉप आर्डर पूरी तरह से नाकाम साबित हुआ और ऑस्ट्रेलिया की पैनी गेंदबाज़ी के आगे घुटने टेक दिए.
सलामी बल्लेबाज़ों के सस्ते में पवेलियन लौट जाने के बाद मैदान पर आये चेतेश्वर पुजारा 123 (246) ने ना केवल एक सिरे से मोर्चा संभाला बल्कि रोहित शर्मा 37 (61), ऋषभ पंत 25 (38 ) एवं आर आश्विन 25 (76 ) के साथ छोटी लेकिन महत्वपूर्ण साझेदारियां निभाकर, भारत को दिन का खेल समाप्त होने तक एक सम्मानजनक स्कोर 250 / 9 तक पहुंचाया।
एक बार फिर असफल रही सलामी जोड़ी
युवा सलामी बल्लेबाज़ पृथ्वी शॉ के प्रैक्टिस मैच में घायल हो जाने की वजह से भारत को फिर एक बार नयी सलामी जोड़ी को मैदान मैं उतारना पड़ा. के. एल. राहुल और मुरली विजय शुरुआत से ही पिच पर काफी असहज दिखाई पड़े. भारत को पहला झटका दुसरे ही ओवर में के. एल. राहुल 2 (8 ) के रूप में लगा, उन्हें हेज़लवुड ने अपना शिकार बनाया। उसके बाद तो जैसे ख़राब शॉट खेलकर आउट होने की प्रतिस्पर्धा होने लगी और "तू चल मैं आया" की तर्ज़ पर एक के बाद एक बल्लेबाज़ पवेलियन की और जाते चले गए. मुरली विजय 11 (22), विराट कोहली 3 (16), अजिंक्य राहाणे 13 (31) सभी ख़राब शॉट खेलकर आउट हुए.
मिडिल आर्डर और पुछल्ले बल्लेबाज़ों ने दिखाया दम
टॉप आर्डर के पूरी तरह असफल हो जाने के बाद भारत के मिडिल आर्डर और पुछल्ले बल्लेबाज़ों ने कुछ दम दिखाया, जिसकी वजह से भारत एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सका.
क्या गेंदबाज़ करवा पाएंगे भारत को वापसी ?
कल भारत को अपने तेज़ गेंदबाज़ों से काफी उम्मीद रहेगी. वैसे तो एडिलेड ओवल की पिच बल्लेबाज़ों का स्वर्ग कही जाती है, लेकिन जिस तरह से आज ऑस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज़ों ने सधी हुई गेंदबाज़ी की, उसको देखकर भारत के गेंदबाज़ों को भी कुछ हौसला ज़रूर मिला होगा।
क्या इन-फॉर्म कुलदीप यादव को टीम से बाहर रखना पड़ेगा भारत को भारी ?
वैसे तो आर.आश्विन एक अनुभवी गेंदबाज़ हैं और कई बार अपनी गेंदबाज़ी का लोहा मनवा चुके हैं, लेकिन वो कुछ समय से आउट ऑफ़ फॉर्म चल रहे हैं. इसीलिए कुलदीप यादव के ऊपर उन्हें तरजीह दिए जाने के टीम मैनेजमेंट के फैसले से उनपर काफी दबाव रहेगा।
अब यह देखना रोचक रहेगा कि खेल के दुसरे दिन क्या भारत अपने गेंदबाज़ों के दम पर इस टेस्ट मैच मैं वापसी कर पायेगा या फिर ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में एक बड़ी बढ़त बनाने में कामयाब रहेगा।
Leave Comments