
बुलंदशहर, 6 दिसम्बर, न्यूज़ मंच, बुलंदशहर में सोमवार को गोमांस खाने व रखने के शक में हिंसा भड़क गयी और मौके पर सुरक्षा के लिहाज़ से पहुंचे इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की गोली लगने से मृत्यु हो गयी। भीड़ में से एक 18 वर्षीय सुमित कुमार नामक युवक की भी गोली लगने से मृत्यु हो गयी।
घटना के बारे में विस्तृत जानकारी के लिए यहाँ क्लिक करें
आरोप है कि इस मॉब लिंचिंग की घटना की अगुआई बजरंग दल के नेता योगेश राज ने की थी। इस मामले में दो एफआईआर दर्ज की गयी हैं। पहली योगेश की शिकायत पर गोकशी मामले में दर्ज की गई है, जिसमे 7 लोगों के नाम हैं। दूसरी एफआईआर हिंसा और इंस्पेक्टर सुबोध की हत्या के मामले में दर्ज की गयी है, जिसमे 27 के नाम हैं, 60 से ज्यादा अज्ञात हैं।
इस मामले में अब तक 4 लोगों को गिरफ्तारी हो गयी है और 4 को हिरासत में लिया जा चूका है।
सुबोध कुमार अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर खेद जताया और यह आश्वासन दिया की आरोपी बच नहीं पाएंगे। वे अपने बंगले पर सुबोध कुमार के परिवार से मिले और कुछ वादे किये।
सुबोध कुमार के मकान के लिए और बेटों की पढ़ाई के लिए 25 लाख का क़र्ज़ है, जिसे माफ़ किया जायेगा, और उनकी आगे की पढ़ाई का खर्च सरकार उठाएगी ।
उनके माता पिता को 10 लाख रूपए और उनकी पत्नी को 40 लाख रूपए दिए जायेंगे। उनकी पत्नी को पेंशन भी दी जाएगी। इसके अलावा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी भी दी जाएगी।
जैथरा-कुरौली रोड का नाम शहीद सुबोध कुमार सिंह मार्ग किया जायेगा और पैतृक गांव तिरगवां में शहीद सुबोध के नाम पर इंटर कॉलेज बनेगा।
योगी आदित्यनाथ से मिलने सुबोध कुमार की पत्नी रजनी, दोनों बेटों और बहन उनके बंगले पर पहुंचे। उनके साथ जिले के प्रभारी मंत्री अतुल गर्ग, डीजीपी ओपी सिंह और एटा विधायक सतपाल मौजूद रहे।
Leave Comments